यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ISI एजेंट एजाज के निकाह में पाकिस्तान से आया था उसका जीजा
पाकिस्तानी जासूस एजाज उर्फ कलाम के पकड़े जाने के बाद एक से बढ़कर एक खुलासे सामने आने लगे हैं। एजाज के ससुराल भोजपुर जिले के अजीमाबाद में आए दो अपरिचित लोगों में से एक का खुलासा हो चुका है। वह एजाज का जीजा रईस था।

भोजपुर। पाकिस्तानी जासूस एजाज उर्फ कलाम के पकड़े जाने के बाद एक से बढ़कर एक खुलासे सामने आने लगे हैं। एजाज के ससुराल भोजपुर जिले के अजीमाबाद में आए दो अपरिचित लोगों में से एक का खुलासा हो चुका है। वह एजाज का जीजा रईस था।
अजीमाबाद गई दैनिक जागरण की टीम को एजाज के श्वसुर शमशेर ने बताया था कि उसकी बेटी आसमां और दामाद एजाज के निकाह की मध्यस्थता उसके दूर के एक रिश्तेदार बाबर ने की थी। शादी से पहले बाबर के साथ दो व्यक्ति अजीमाबाद आए थे, जिसमें से एक का नाम रईस था। इधर मेरठ पुलिस द्वारा एजाज को रिमांड पर लेकर पूछताछ के क्रम में उसने खुलासा किया है कि रईस उसका जीजा है।
कहा जा रहा है कि मेरठ पुलिस को एजाज के पास से दो तस्वीरें हाथ लगी हैं। इनमें एक पाकिस्तान स्थित ब्रिटिश उच्चायोग की बताई जा रही है। दूसरी तस्वीर एक शादी समारोह की है, जिसमें तस्वीर में एजाज भी शामिल था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि यह तस्वीर उसके तीन भाईयों के एक ही साथ हुए निकाह के समारोह की है। ब्रिटिश उच्चायोग की तस्वीर में एजाज का भाई पाकिस्तान की पूर्व विदेशमंत्री हिना रब्बानी के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद अंतर्गत इरफानाबाद के तारा मंडी चौक स्थित उसके घर में उसकी मां समेत चार भाई भी रहते हैं। एजाज की तीन बहनें भी पाकिस्तान में हैं।
छोटा भाई फहाद रसूख वाला है। उसकी पहुंच इस्लामाबाद की सत्ता के करीब तक है। यही कारण है कि एजाज के भाईयों के शादी समारोह में पाकिस्तान की केंद्रीय सत्ता से जुड़े कई रसूख वाले व्यक्ति भी पहुंचे थे।
पूछताछ के लिए भोजपुर आ सकती है एसटीएफ की टीम
पाकिस्तानी जासूस एजाज उर्फ कलाम के पकड़े जाने के बाद एक एक कर जो खुलासे हो रहे हैं, उसको देखते हुए भोजपुर जिला स्थित एजाज के ससुराल अजीमाबाद में भी पूछताछ के लिए एसटीएफ टीम के आने की संभावना है। आशंका है कि एजाज ने सोशल साईट्स के माध्यम से भोजपुर में भी कईयों से सम्पर्क साधा होगा। वहीं एजाज के ससुराल के सदस्यों द्वारा दिए गए बयानों में भी कुछ विरोधाभाष की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोलकाता में भी एजाज से संबंधित तीन पाकिस्तानी जासूस पकड़े गए है, जिन्हें एसटीएफ की टीम मेरठ लेकर गई है। मेरठ में तीनों जासूसों से पूछताछ में यदि उनके भोजपुर कनेक्शन का पता चला, तो एसटीएफ की टीम भोजपुर आ सकती है।
इस बीच अजीमाबाद में सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय पुलिस ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

