विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विधान मंडल सत्र के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

By pradeep Kumar TiwariEdited By:
Published: Fri, 20 Feb 2015 09:54 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 20 Feb 2015 09:56 AM (GMT+05:30)

शुक्रवार से शुरू हो रहे विधान मंडल सत्र के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन ने 33 जगहों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है।

News Article Hero Image

पटना। शुक्रवार से शुरू हो रहे विधान मंडल सत्र के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन ने 33 जगहों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। विधान मंडल, आर ब्लॉक और हड़ताली मोड़ पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष में एक-एक प्लाटून बिहार सैन्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। डीएम और एसएसपी ने गुरुवार को विधान मंडल सत्रावधि के लिए प्रतिनियुक्त किये गये दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्य स्थल पर परिस्थिति से निपटने के लिए निर्देश दिया है।

शांति-व्यवस्था की रणनीति :

जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह, एसएसपी जितेन्द्र राणा, एडीएम विधि-व्यवस्था सांवर भारती, नगर दंडाधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद, एसडीओ अमित कुमार के साथ अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी गुरुवार को सचिवालय थाना पहुंचे और शांति-व्यवस्था बनाये रखने की रणनीति पर विमर्श किया। एसएसपी ने शांति-व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल, लाठी पुलिस, महिला सिपाही के अलावा वज्र वाहन, फायर बिग्रेड को तैनात किया गया है। सुरक्षा कार्य में 59 पुलिस पदाधिकारी के अलावा डीएसपी, इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को लगाया गया है। क्यूआरटी व एसटीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। सभी थाना के मोबाइल अपने क्षेत्र में सघन गश्ती करते नजर आयेंगे। आम जन को कहीं कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए पुलिस सुगम यातायात संचालन को जारी रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किया गया है।

तीन अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष -

जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह ने विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए विधानमंडल परिसर, आर ब्लॉक और हड़ताली मोड़ पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। तीनों नियंत्रण कक्ष में एक-एक प्लाटून बिहार सैन्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इन जगहों पर 40-40 लाठी बल के अलावा सशस्त्र पुलिस और पुलिस पदाधिकारी तैनात किये गये हैं। आर ब्लॉक नियंत्रण कक्ष में एम्बुलेंस के साथ चिकित्सक और पारा मेडिकल स्टाफ प्रतिनियुक्त किये गये हैं।

- आर ब्लाक पर सुरक्षा चाक-चौबंद

आर ब्लॉक पर सबसे अधिक चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किया गया है। एडीएम स्तर के पदाधिकारी के साथ पांच वरीय उप-समाहर्ता स्तर के दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। फायर बिग्रेड की दो दमकल के अलावा अश्रु गैस की दो टीमें तैनात की गई हैं। निषेधाज्ञा अथवा आर ब्लॉक गेट पार करने वालों को गिरफ्तार कर हिरासत में लेने के लिए तीन बसें तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया है। लाउस्पीकर, फोन और वायरलेस लगाया गया है।

जहां होगी विशेष चौकसी -

विधान मंडल के पूर्वी, पश्चिम और उत्तरी गेट पर दो-दो सेक्शन सशस्त्र बल तैनात किया गया है। दक्षिणी गेट पर एक सेक्शन आम्र्स पुलिस होगी। विधान सभा और विधान परिषद के व्हाईट लाइन पास पुलिस बल के अलावा सचिवालय विशेष पुलिस मोबाइल तैनात किया गया है। मुख्य सचिवालय के सामने दीघा रेलवे लाइन के पास दो सेक्शन सशस्त्र बल तैनात रहेगा। विधान सभा के आंतरिक गेट पर भी सशस्त्र बल की ड्यूटी होगी। विधान मंडल परिसर के 33 स्थलों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

सादे लिबास में पुलिस -

विधान सभा नियंत्रण कक्ष के अधीन सादे लिबास में दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। सादे लिबास में तैनात पुलिस कर्मियों के साथ एक अवर निरीक्षक की तैनाती रहेगी।

एंटी लैंड माइंस वाहन और मोर्चा-

विधान सभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर एंटी लैंड माइंस वाहन और वज्र वाहन तैनात कर दिया गया है। विधान सभा के सभी गेट पर पुलिस मोर्चा बनाया गया है जहां 24 घंटे सशस्त्र बल की ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह नियंत्रण कक्ष में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए उपकरण और उपस्कर की व्यवस्था की गई है।

जिलों की सीमा पर भी नजर :

पुलिस कप्तान जितेन्द्र राणा ने बताया कि सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। आसपास के जिलों की पुलिस भी सीमा पर नजर रखेगी, इसके लिए वहां के अधिकारियों से बात की गई है। प्रवेश के सभी रास्तों पर सघन वाहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। होटल व लॉज भी पुलिस के रडार पर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।