विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार में जानलेवा बनी ठंड, 13 की मौत

By pradeep Kumar TiwariEdited By:
Updated: Mon, 19 Jan 2015 10:07 AM (IST)

बिहार में ठंड जानलेवा बन गई है। रविवार को प्रदेशभर में तेरह लोगों की मौत हो गई। सर्द हवा और कोहरे से कनकनी बढ़ गई है। अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है।

News Article Hero Image

पटना। बिहार में ठंड जानलेवा बन गई है। रविवार को प्रदेशभर में तेरह लोगों की मौत हो गई। सर्द हवा और कोहरे से कनकनी बढ़ गई है। अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है।

उत्तर बिहार के पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड की मंगुराहा पंचायत के दामोदरपुर नन्हकार में शिवजी प्रसाद की पत्नी हीरा देवी और 60 वर्षीय रामसागर मिश्र की मौत हो गई। मुंडा पंचायत के सालाहां गांव निवासी 31 वर्षीय जयप्रकाश मिश्र उर्फ चुटुन मिश्र और नागेन्द्र मिश्र ने दम तोड़ दिया। सीतामढ़ी जिला के बथनाहा प्रखंड के डायन छपरा गांव के 40 वर्षीय राम एकबाल मांझी और बोखड़ा प्रखंड के खड़का निवासी 45 वर्षीय अरविंद कुमार का भी प्राणांत हो गया।

वहीं बिहारशरीफ के अस्थावां थाना क्षेत्र के कोनंद गांव के मुख्य मोड़ के समीप बाजिदपुर गांव निवासी पचास वर्षीय मिथिलेश सिंह, सारण के दरियापुर में 62 वर्षीय रघुवीर शुक्ला व वैशाली के महुआ प्रखंड क्षेत्र के सिंघाड़ा निवासी 75 वर्षीय राज बिहारी सिंह की मौत हो गई। उधर सहरसा के पतरघट एवं कहरा प्रखंड में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पतरघट के विसनपुर पंचायत के वार्ड नंबर दो के चंदेश्वरी यादव (52) और वार्ड नंबर तीन के दिलखुश कुमार (14) तथा कहरा के बलहापटी गांव निवासी विनोदी दास (60) और ब्रहमदेव साह शामिल हैं। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन ग्रामीण इसे ठंड से हुई मौत बता रहे हैं।

वहीं राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा (समस्तीपुर) के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है 21 जनवरी तक मौसम में सुधार के आसार नहीं हैं। इस दौरान पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार पछुवा हवा चलने का अनुमान है। रविवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा।