विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विस्फोट से थर्राया आरा कोर्ट परिसर, तीन मरे

By pradeep Kumar TiwariEdited By:
Published: Fri, 23 Jan 2015 01:33 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 23 Jan 2015 01:37 PM (GMT+05:30)

विस्फोट से थर्राया आरा कोर्ट परिसर, तीन मरे

News Article Hero Image

पटना : आरा सिविल कोर्ट परिसर शुक्रवार को दिन के साढ़े ग्यारह बजे शक्तिशाली बम विस्फोट से थर्रा उठा। धमाके में तीन लोगों की मौत हुई है। बम एक महिला के पास था। आशंका जताई जा रही है कि कैदी को छुड़ाने के लिए विस्फोट कराया गया। हालांकि बम फटने से उस महिला की भी मौत हो गई। घटना में एक पुलिस कांस्टेबल मारा गया। इस बीच विस्फोट से मची अफरातफरी में दो कैदी भाग गए।

- बम छिपाकर बैठी थी महिला

एडीजी मुख्यालय गुप्तेश्वर पांडेय ने बताया कि कोर्ट परिसर में एक महिला थैले में बम छिपाकर बैठी थी। उसी वक्त कैदियों को लेकर गाड़ी वहां पहुंची। इसी बीच महिला के थैले में रखा बम फट गया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला कोई मानव बम नहीं थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पटना से अतिरिक्त पुलिस बल आरा भेजा गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय की भी घटना पर नजर है। प्रारंभिक सूचना के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने आतंकी घटना से इनकार किया है। पुलिस महानिदेशक पीके ठाकुर ने भी एक जवान व एक महिला की मौत की पुष्टि की।

- धमाका हुआ, फिर लाश दिखी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह साढ़े ग्यारह बजे कोर्ट में काफी भीड़ थी। सामान्य कामकाज शुरू हुआ था। तभी परिसर धमाके से हिल गया। चारों ओर धुआं फैला था। घटनास्थल पर ही बम रखने वाली महिला की मौत हो गई। एक पुलिस कांस्टेबल अमित कुमार घायल पड़े थे। थोड़ी देर में इलाज की कोशिश के दौरान उनकी मौत हो गई। बम शक्तिशाली था। महिला के पास भीड़ नहीं थी। पुलिस के अनुसार चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है, जबकि स्थानीय लोगों ने कहा कि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। पटना से भी अतिरिक्त फोर्स भेजा गया।

- मुख्यालय से गए दो कंपनी जवान

पुलिस मुख्यालय से घटना के बाद तत्काल दो कंपनी बीएमपी के जवानों को भेजा गया है। डेहरी आन सोन से भी बीएमपी के जवानों को आरा पहुंचने का आदेश दिया गया है। आरा के एसपी एव डीएसपी भारी संख्या में पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर डटे हुए हैं। पल-पल की खबर पर पुलिस मुख्यालय की पैनी नजर है।

- अमित शाह की सुरक्षा बढ़ी

शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहली बार पटना आए। वे विस्फोट के तुरंत बाद पटना पहुंचे। पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

- पुलिस अलर्ट पर

गणतंत्र दिवस के पूर्व राज्य भर में सख्त सुरक्षा इंतजाम के बीच इस विस्फोट से राज्य पुलिस मुख्यालय तक हिल गया। तत्काल राज्य के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश जारी किया गया। पुलिस मुख्यालय ने तुरंत सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा कर सतर्कता बरतने का आदेश दिया। राजधानी पटना में भी हाई अलर्ट जारी किया गया। इसके पहले भी बिहार के कई कोर्ट परिसर बम विस्फोट के शिकार बने हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।