विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

स्वार्थ की जगह आत्मीयता से संबंध बनाता है RSS : मोहन भागवत

By Prasoon Pandey Edited By:
Updated: Sun, 28 Feb 2016 11:05 PM (IST)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पटना में अंतिम दिन शाखा मैदान में संघ संचालन की अंतिम पायदान के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संघ आत्मीयता से संबंध बनाता है। स्वार्थ आधारित संबंध टिकाऊ नहीं होते।

News Article Hero Image

पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पटना प्रवास के आखिरी दिन शाखा मैदान में संघ संचालन के अंतिम पायदान के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संघ आत्मीयता से संबंध बनाता है। स्वार्थ आधारित संबंध टिकाऊ नहीं होते।

संघ ने 90 वर्ष की अनथक यात्रा तय की है। किसी तरह का विवाद इसमें इसलिए नहीं हुआ क्योंकि श्रद्धा और विश्वास के आधार पर यहां संबंध बनता है। विषम परिस्थिति में भी स्वयंसेवक अपने जिद और तपस्या के बल पर सत्य की धारा पर चलते हुए किसी भी तरह की समस्या का सामना कर सफलता प्राप्त करते हैं।

हिंदुओं का देश हिंदुओं के लिए मिल्कियत नहीं होकर सेवा की कर्मभूमि है। डॉ. मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा कि स्वयंसेवक अंधश्रद्धा नहीं रखता है।

बौद्धिक वर्ग में संघ के पटना महानगर के सभी मुख्य शिक्षक, शाखा कार्यवाह, बस्ती प्रमुख, मिलन प्रमुख, नगर और महानगर के कार्यकर्त्ताओं के साथ संघ परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। संघ के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख स्वांत रंजन, क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह सहित भाजपा से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय, सांसद सीपी ठाकुर, सांसद अश्विनी चौबे, सांसद रामकृपाल यादव, सुशील मोदी और अरुण सिन्हा भी उपस्थित रहे।

संघ प्रमुख ने किया वृक्षारोपण

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने सामाजिक समरसता के साथ पर्यावरण के प्रति समाज को जगाने के लिए वृक्षारोपण किया। उन्होंने मीठा नीम का पौधा लगाया। यह कार्यकर्ताओं के लिए एक सन्देश था कि कड़ुआ के साथ मीठापन भी स्वभाव में रखने के बाद ही परिवार और समाज में स्वीकार्यता बढ़ती है इसलिए समाज में सम्पर्क के क्रम में इसका पालन करना चाहिए।

संघ प्रमुख ने किया पुस्तक का लोकार्पण

मुंगेर विभाग के संघचालक और प्रसिद्ध साहित्यकार प्रो. महेश प्रसाद सिंह द्वारा लिखित पुस्तक का लोकार्पण सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत और क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में की।