विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ATM गार्ड हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग, हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद

By Amit AlokEdited By:
Published: Mon, 12 Dec 2016 07:08 AM (IST)Updated: Mon, 12 Dec 2016 10:47 PM (IST)

पटना के मौर्या कम्प्लेक्स में सेंट्रल बैंक के एटीएम के गार्ड की हत्या व लूट की कोशिश मामले में पुलिस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पटना [जेएनएन]। राजधानी के मौर्या काम्प्लेक्स में शनिवार को गार्ड की हत्या कर एटीएम लूट की कोशिश मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत मेें लिया है। घटना में प्रयुक्त तलवार व खंती को बरामद कर लिया गया है। पुलिस को यह सफलता खोजी कुत्ता के सहारे मिली।

खोजी कुत्ते ने दिलाई सफलता

पटना के मौर्यालोक स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को लूटने में नाकाम रहे बदमाशों द्वारा गार्ड कुंदन कुमार मालाकार की हत्या मामले में रविवार को खोजी कुत्ते 'डेका' ने पटना पुलिस को बड़ी सफलता दिलाई। पुलिस ने पटना म्यूजियम के पास हत्या में प्रयुक्त तलवार ढूंढ निकाला। साथ ही वह खंती भी बरामद कर ली गई, जिससे एटीएम को क्षतिग्रस्त किया गया था। दोनों हथियार म्यूजियम की बाउंड्री के समीप मिले।

बिस्कुट फैक्ट्री तक गए थे हत्यारे

इसके बाद प्रभारी एसएसपी सह ग्रामीण एसपी एलएम प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल खोजी कुत्ता के साथ उत्तरी मंदिरी नाला पर सिद्धेश्वरी काली मंदिर के पीछे स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री तक गया। पुलिस ने वहां सघन तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। फैक्ट्री से सटे घर में भी पुलिस ने दबिश दी। आशंका है कि वारदात के बाद हत्यारे बिस्कुट फैक्ट्री तक गए होंगे।

रोड रेज में विवाद में हवाई फायरिंग, महिलाओं को सड़क पर निर्वस्त्र कर पीटा

जान-पहचान के थे अपराधी

इस जगह से मृत कुंदन का घर लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर है। इससे अंदेशा है कि हत्या में शामिल सभी अपराधी या उनमें से कोई एक कुंदन का परिचित रहा होगा। घटना के बाद कुंदन पुलिस को कुछ न बता दे, इसलिए बदमाशों ने उसे मार डाला। पुलिस को अंदेशा है कि जाने-अनजाने में लाइनर ने उससे सीसी कैमरे और डीवीआर के बारे में पूछ लिया होगा। यही वजह रही कि वे वारदात के बाद अपराधी डीवीआर लेकर फरार हो गए।

तफ्तीश के दौरान एटीएम के केबिन से पुलिस को आइडिया कंपनी का एक नया सिम कार्ड मिला, जिसे लुटेरों का माना जा रहा था। जांच में मालूम हुआ कि वह सिम कार्ड कुंदन के नाम पर रजिस्टर्ड है।

रात एक से दो बजे के बीच की घटना

बुद्ध मार्ग में सड़क पर रायजी चाय का ठेला लगाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे कुंदन ने उनकी दुकान से चाय पी। साथ में पानी भी। रात दो बजे से मौर्यालोक में समाचारपत्रों के हॉकर्स आ जाते हैं। उन्होंने कोई आहट नहीं सुनी। इसलिए अंदेशा है कि घटना रात एक से दो बजे के बीच हुई होगी।

घर की माली हालत बिगड़ी

कुंदन घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था। उसपर पत्नी बबिता, बड़े बेटे अमर, छोटे बेटे प्रेम और बेटी स्नेहा उर्फ श्रुति के भरण-पोषण का बोझ था। तीनों बच्चे अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। कुंदन की मौत के साथ ही घर की माली हालत बिगड़ गई है।

शादी के अगले दिन दुल्हन के साथ हुई ये हैवानियत, प्राइवेट पार्ट में डाल दी छड़

आश्वासन पर टिकी उम्मीद

शनिवार को गोलघर चौराहे पर हत्याकांड के खिलाफ सड़क जाम के दौरान बांकीपुर विधायक नितिन नवीन कुंदन के परिजनों का ढांढस बांधने पहुंचे थे। परिवार के लोगों ने एक आश्रित को सरकारी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का मुआवजा मांगा था। विधायक ने कुंदन की बेवा को आंगनबाड़ी केंद्र में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। परिजनों की उम्मीद विधायक के आश्वासन पर टिकी है।

मिलती थी 4500 रुपये तनख्वाह

सेंट्रल बैंक के एटीएम की सुरक्षा का जिम्मा ग्लोबल मैनेजमेंट सर्विसेस के पास है। कुंदन इस कंपनी में लगभग तीन सालों से एटीएम गार्ड सह केयर टेकर के रूप में नौकरी कर रहा था। उसे 4500 रुपये तनख्वाह मिलती थी। चचेरा भाई अनूप भी इसी कंपनी में कार्यरत है। उसके मुताबिक कुंदन छठ की छुट्टी में ससुराल गया था। तभी उसने कुंदन के बदले ड्यूटी की थी।

दो शिफ्ट में कर रहा था ड्यूटी

अनूप की मानें तो कुछ साल पहले कुंदन लगातार दो सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो गया था, जिसमें उसके दोनों घुटने क्षतिग्रस्त हो गए थे। वह लंगड़ाकर चलता था। इसलिए, अक्सर वह दिन की शिफ्ट (सुबह 8 बजे से रात के आठ बजे तक) काम करता था। छठ की छुट्टी की भरपाई करने के लिए वह आठ दिसंबर से वह दो शिफ्ट में काम कर रहा था।

कुंदन के बड़े बेटे अमर ने बताया कि उसके पिता सुबह छह बजे तक घर लौट आते थे। तीन-चार घंटे आराम करने के बाद फिर ड्यूटी पर चले जाते थे।

दो संदिग्धों से पूछताछ

पटना के डीएसपी (कोतवाली) डॉ. मो. शिब्ली नोमानी ने बताया कि वारदात के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनका आपराधिक इतिहास रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।