विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार : पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड की जांच सीबीआइ को सौंपी गई

By Kajal KumariEdited By:
Published: Wed, 14 Sep 2016 06:26 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 15 Sep 2016 11:04 PM (GMT+05:30)

राजदेव रंजन हत्याकांड मामले में केंद्र सरकार ने सीबीआई मामले की जांच की अनुमति दे दी है। अब जल्द ही सीबीआई की टीम सिवान पहुंचकर मामले की तहकीकात करेगी।

News Article Hero Image

पटना [वेब डेस्क]। पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड की जांच सीबीआई करेगी। इस मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए केंद्र सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है। राजदेव रंजन की पत्नी आशा रंजन ने इस मामले पर दिल्ली जाकर गृहमंत्री और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर स्थिति से उन्हें अवगत कराया था और गुहार लगाई थी कि इस मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।

इस संबंध में राज्य सरकार ने पहले ही केंद्र से पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के बाद इस मामले की सीबीआई जांच कराने की बात कही थी। हत्या के चार महीने के बाद केंद्र सरकार ने इस बात पर अपनी सहमति दे दी है और अब जल्द ही जांच के लिए सीबीआई की टीम सिवान जाकर हत्या के कारणों की पूरी पड़ताल करेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआई की टीम हत्याकांड की जांच के लिए सिवान रवाना हो गई है।

बता दें कि शहाबुद्दीन की रिहाई के बाद आशा रंजन ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी गुहार लगाई है। उन्होंने कहा था कि उनका परिवार भय के साये में जी रहा है। कब उन्हें भी मार दिया जाएगा नहीं कहा जा सकता।

राजदेव की हत्या के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीन दिन बाद ही 16 मई को जनता दरबार के दौरान हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा था कि पत्रकार का परिवार लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। ऐसे में सरकार ने यह फैसला लिया है कि जांच सीबीआई को सौंप दी जाए, ताकि दोषियों का चेहरा जल्द सामने आ सके। नीतीश ने कहा कि पत्रकार के ऊपर हुआ हमला मेरे उपर हुए हमले जैसा है।

मालूम हो कि सीवान में एक हिन्दी दैनिक के वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन 13 मई 2016 की शाम आफिस बंद होने के बाद शहर के स्टेशन रोड फलमंडी की ओर से जा रहे थे कि तभी गुलजार बाजार के समीप पीछे से आये अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।