विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लालू ने पीएम मोदी पर कसा तंज कहा, क्यों कैशलेस-कैशलेस चिल्लाते रहते हो?

By Kajal KumariEdited By:
Published: Sun, 18 Dec 2016 01:34 PM (IST)Updated: Mon, 19 Dec 2016 09:34 PM (IST)

राजद अध्यक्ष लालू यादव ने नोटबंदी के खिलाफ आंदोलन चलाने के लिए बुलाई गई राजद की बैठक में कहा कि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पटना [जेएनएन]। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो हजार रुपये के नोट पर गांधी जी के चश्मे के पीछे भाजपा का स्वच्छता का स्लोगन लिख दिया है। उन्होंने इसे तुरंत हटाने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा का स्लोगन कैसे दो हजार के नोट पर छप गया, इसकी जांच भी होनी चाहिए?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नोटबंदी के मुद्दे पर घेरते हुए राजद प्रमुख ने कहा कि वह खुद के खोदे गढ्डे में गिर गये हैं। आज मजदूरों, किसानों, छात्रों समेत आमजनों की स्थिति बेहद बदतर हो गयी है। भाजपा नेताओं के पास ही सारा कालाधन है और उनके पास से ही यह निकल रहा है।

कैशलेस-कैशलेस चिल्लाने से पीएम को मिलता है अॉक्सीजन

बीच-बीच में पीएम मोदी कुछ-कुछ बोलते रहते हैं, इस तरह की फालतू बातों को बोलने से क्या उन्हें ‘ऑक्सीजन’ मिलता है। कैशलेस-कैशलेस चिल्लाते रहते हैं, पे-टीएम करो, गांव का गरीब कहां से पे-टीएम करेगा, भाई। उसके पास मोबाइल कहां है? यह चाइनीज कंपनी है और भारत का सारा पैसा चीन चला जाता है।

नोटबंदी पर व्यापक आंदोलन का ऐलान करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा है कि सभी गैर-भाजपा और समाजवादी दलों को एकजुट किया जायेगा। सभी राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पार्टियों को एकजुट कर इसके खिलाफ व्यापक रणनीति तैयार की जायेगी।

पटना में होगी विशाल रैली

उन्होंने कहा कि केंद्र की इस जन विरोधी कदम के खिलाफ पटना में जल्द ही विशाल रैली का आयोजन किया जायेगा। इसकी तारीख की घोषणा जल्द की जायेगी। इससे पहले 20 से 26 दिसंबर के बीच सभी पंचायत से प्रखंड स्तर तक जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इसके बाद 28 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जायेगा।

लालू प्रसाद अपने आवास पर सभी जिलों और प्रखंडों से आये कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि जनता की समस्या पर हम और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक साथ हैं। महागठबंधन की सरकार हमारी है और इसमें कोई टकराव नहीं है।

लालू ने बुलाया था अर्थशास्त्री मोहन गुरुमूर्ति को

इस कार्यकर्ता संबोधन कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात अर्थशास्त्री मोहन गुरुमूर्ति ने नोटबंदी से होने वाले नुकसान और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले इसके कुप्रभावों को लेकर एक प्रस्तुतिकरण भी किया गया। उन्होंने बताया कि किस तरह से केंद्र की मोदी सरकार ने 30 करोड़ के नकली या फर्जी नोटों को बंद करने के लिए यह कदम उठाया, जिसमें नये नोट छापने में 42 हजार करोड़ रुपये खर्च आयेगा और इससे देश की जीडीपी में 2.5 फीसदी का नुकसान होगा।

नोटबंदी का विरोध करने वाले एक नाव पर सवारी करें : रघुवंश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि जो लोग दिन में सपना देखते हैं, उन्हें जनता माफ नहीं करेगी। हालांकि उन्होंने बिना किसी का नाम लिये कहा कि नोटबंदी का विरोध करने वाले एक नाव पर ही सवारी करें, तो बेहतर होगा।

पढ़ें - लालू ने नोटबंदी पर ट्वीट कर पीएम मोदी से पूछा - 50 दिन के बाद इस्तीफा दे देंगे? लालू की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता : नित्यानंद राय

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा है कि लालू प्रसाद की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है।नोटबंदी को लेकर वे बहुत परेशान हैं। नोटबंदी को जबरदस्त जनसमर्थन है।

पढ़ें - नोटबंदी पर लालू का ट्वीट, कहा - मोदी को भारत की नहीं इंडिया की चिंता है

पीएम कालाधन व भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर हैं। जनता की परेशानियों को भी समझ रहे हैं। लोग नोटबंदी का समर्थन कर रहे हैं। राय ने कहा कि नोटबंदी से सबसे अधिक लाभ गरीबों को होनेवाला है। जो लोग नोटबंदी का विरोध कर रहे हैं वे कालाधन के समर्थक व गरीब विरोधी हैं। राजद का 28 को होनेवाला धरना को लोगों का समर्थन नहीं मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।