विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

श्रीराम व अशोक की कड़ी में आते पीएम मोदी, नीतीश पलटीमार : सुशील मोदी

By Kajal KumariEdited By:
Published: Mon, 18 Apr 2016 07:47 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 19 Apr 2016 10:09 AM (GMT+05:30)

वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें भगवान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पटना। वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें भगवान राम व सम्राट अशोक के बाद उसी कड़ी का महामानव बताया। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार तंज कसते हुए उन्हें 'बयानवीर' व 'पलटीमार' मुख्यमंत्री करार दिया। सुमो चक्रवर्ती सम्राट अशोक की 2321वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रवादी कुशवाहा परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

नरेंद्र मोदी का दुनिया में बज रहा डंका

सुशील मोदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में पैदा हुए सम्राट अशोक को चक्रवर्ती कहा गया है। उन्होंने भारत में एक शक्तिशाली सम्राच्य स्थापित किया। सम्राट अशोक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही एक ऐसे शख्स हैं, जिनके कुशल नेतृत्व में दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

बौखलाहट में बयानवीर बन रहे नीतीश

सुशील मोदी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बौखलाहट में बयानवीर बन रहे हैं। अनिश्चिता की स्थिति में निर्णय कर रहे हैं। यही वजह है कि पहले निर्णय करते हैं और फिर पलटकर वापस लेते हैं।

बकौल, सुमो मुख्यमंत्री ने पहले पहाड़ खनन पर रोक लगाई और फिर उसे वापस ले लिया। पंचायत चुनाव लडऩे वालों के लिए घर में शौचालय अनिवार्य करने के बाद निर्णय से पलट गए। विधायक कोटा समाप्त करने का आदेश किया और फिर आदेश रद कर दिया।

लालू-नीतीश की राजनीति सिद्धांतविहीन

सुमो ने कहा कि नीतीश कुमार और लालू प्रसाद सिद्धांतविहीन राजनीति कर रहे हैं। दोनों अपने हिसाब से धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा बदलते रहते हैं। जब भाजपा के साथ सत्ता में सहभागिता करते हैं, तब भाजपा पंथ निरपेक्ष रहती है और सत्ता से हटते ही यह पार्टी सांप्रदायिक हो जाती है।

भारत की पहचान भगवा : मंगल पांडेय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि भारत की पहचान भगवा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारत को भगवा मुक्त नहीं कर सकते हैं। भगवा रंग हमारे तिरंगे में शामिल है।

पांडेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश और झारखंड से पहले बंगाल के विधानसभा चुनाव में अपनी सियासी औकात को परख रख लें। मुख्यमंत्री केवल घूम-घूम कर हवाबाजी कर रहे हैं।

बिहार में सुशासन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। महागठबंधन नेताओं में सत्ता हथियाने की होड़ मची है। कहीं, मंत्री अपने विभाग से संबंधित उद्घाटन और लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री की उपेक्षा कर रहे हैं तो कहीं सीएम मंत्रियों की उपेक्षा कर रहे हैं।

नीतीश ने कुशवाहा समाज को दिया धोखा : सूरज नंदन

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रवादी कुशवाहा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज नंदन कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुशवाहा समाज को धोखा दिया है। समाज ने सम्राट अशोक की 2321वीं जयंती पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया था, लेकिन किसी भी समारोह में मुख्यमंत्री का शामिल नहीं होना सीधे-सीधे समाज की उपेक्षा है।

इन्होंने भी किया संबोधित

इससे पूर्व जयंती समारोह को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार के अलावा प्रदेशभर से आए कुशवाहा समाज के प्रमुख नेताओं संबोधित किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।