विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सोमनाथ भारती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

By Edited By:
Published: Thu, 10 Sep 2015 08:41 PM (IST)

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : घरेलू हिंसा से जुड़े मामले में आप विधायक तथा दिल्ली के पूर्व कान

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : घरेलू हिंसा से जुड़े मामले में आप विधायक तथा दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ द्वारका नार्थ थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह मुकदमा सोमनाथ की पत्नी लिपिका मित्रा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। अपनी शिकायत में लिपिका ने सोमनाथ पर घरेलू हिंसा, जान से मारने की कोशिश व धोखाधड़ी सहित कई संगीन आरोप लगाए है। मामला दर्ज होने के बाद लिपिका के बयान को महानगरीय दंडाधिकारी के सामने बयान दर्ज करवाया गया है।

पुलिस के मुताबिक आप विधायक के खिलाफ बुधवार रात मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ धोखाधड़ी, हत्या का प्रयास, दु‌र्व्यवहार, मारपीट और घरेलू हिंसा के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला संगीन होने की वजह से विधायक की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। गौरतलब है कि लिपिका ने इसी वर्ष जून में अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। शिकायत में लिपिका ने कहा था कि वर्ष 2010 में दोनों के बीच इंटरनेट के जरिए मुलाकात हुई थी जिसके बाद शादी हुई। शादी के डेढ़-दो माह बाद ही उनके बीच झगड़ा होने लगा। लिपिका ने आरोप लगाया कि पहले बच्चे के जन्म का खर्च उसने अकेले उठाया था। सोमनाथ ने लगातार उनका मानसिक उत्पीड़न किया। उसने उसके पीछे कुत्ता छोड़ा और उसकी कई बार पिटाई की। यहां तक कि दूसरी बार गर्भवती होने पर उसने गर्भपात करवाने का दवाब डाला। इससे आजिज होकर उसने एक बार नस काटकर जान देने की कोशिश भी की। लिपिका ने इसकी शिकायत पुलिस और दिल्ली महिला आयोग में भी की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर कई बार काउंसलिंग कराई। काउंसिलिंग के बावजूद दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार नहीं थे। लिपिका इस दौरान पुलिस से सोमनाथ के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग करती रही। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्ष किसी भी बात पर राजी नहीं थे।

साढ़े तीन घंटे तक चली बयान दर्ज करने की प्रक्रिया

लिपिका अपना बयान दर्ज कराने करीब 12 बजे द्वारका कोर्ट पहुंची। यहां महिला कोर्ट में महानगरीय दंडाधिकारी मनु गोयल खर्ब की अदालत में लिपिका का बयान दर्ज किया गया। बयान दर्ज करने की प्रक्रिया करीब साढ़े तीन घंटे चली। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब लिपिका कोर्ट कक्ष से बाहर निकली तो उनके चेहरे पर थकान झलक रही थी। लिपिका ने कहा कि आज बयान देने के लिए उन्हें पुलिस ने ही यहां आने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि मैं मधुमेह की मरीज हूं। मैं सुबह अपने घर से हल्का नाश्ता लेकर निकली थी। ऐसे में मुझे फिलहाल कमजोरी महसूस हो रही है।

लगातार हुई ठगी का शिकार

लिपिका ने बताया कि सोमनाथ उन्हें लगातार ठगते आए हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही उनके साथ लगातार बदसलूकी हो रही है। उन्हें कदम-कदम पर ठगा गया। उनके विश्वास व गरिमा को चोट पहुंचाई गई। लिपिका ने कहा कि फिलहाल उन्हें यह पता नहीं कि सोमनाथ के खिलाफ किन-किन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जब मीडियाकर्मियों ने उन्हें तमाम धाराओं की जानकारी दी तो उनका जवाब था कि यह सब होना ही था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।