विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JNU विवादः कन्हैया कुमार को मिली सुरक्षा, 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिस के जवान

By JP YadavEdited By:
Updated: Sun, 10 Apr 2016 10:09 AM (IST)

छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा विंग से सुरक्षा मिल गई है। तीन पुलिसकर्मी राउंड द क्लॉक 8-8 घंटे की ड्यूटी करेंगे।

News Article Hero Image

नई दिल्ली (राकेश कुमार सिंह)। देशद्रोह के आरोपी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा विंग से सुरक्षा मिल गई है। पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में हमला होने पर उसने सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट से सुरक्षा की मांग की थी।

कोर्ट के निर्देश पर सुरक्षा विंग ने उसकी सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद सुरक्षा प्रदान की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कन्हैया के साथ 24 घंटे दिल्ली पुलिस का एक सिपाही मौजूद रहेगा। सुरक्षा गार्ड (सरकारी पीएसओ) की ड्यूटी 8-8 घंटे की होती है, इसलिए उसकी सुरक्षा के लिए तीन पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

तीनों पुलिसकर्मी राउंड द क्लॉक 8-8 घंटे की ड्यूटी करेंगे। इन पुलिसकर्मियों के पास नाइन एमएम की पिस्टल होगी। पुलिस अधिकारी का कहना है कि सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वे कन्हैया पर पूरी तरह नजर रखें। इससे उसके हर गतिविधि पर नजर रखा जा सकेगी।

तिहाड़ जेल से छह महीने की अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद से दक्षिण जिला पुलिस कन्हैया को सुरक्षा प्रदान कर रही थी। कन्हैया आमतौर पर हर दिन दिल्ली में जहां भी जाता था, दक्षिण जिला पुलिस उसकी कार के पीछे जिप्सी से चलती थी, लेकिन उसे स्थायी सुरक्षा मिल जाने से अब दक्षिण जिला के वसंत कुंज उत्तरी थाना पुलिस की टीम साथ नहीं जाएगी।

पहले उसके साथ थाना पुलिस के 3-4 जवान चलते थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कन्हैया के अलावा अन्य किसी भी आरोपी को सुरक्षा नहीं दी जाएगी। पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां सभी पर पैनी नजर रख रही है। अब तक कोई भी आरोपी बगैर कन्हैया के जेएनयू से बाहर नहीं जाता था। कन्हैया की वजह से पुलिस उनके साथ रहती थी, लेकिन शनिवार को उमर खालिद पहली बार अकेले जामिया स्थित अपने घर गया। घटना के बाद से वह छात्रावास में ही रह रहा था।