विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में बर्ड फ्लू से 11 पक्षियों की मौत, चिड़ियाघर में मचा हड़कंप

By JP YadavEdited By:
Published: Wed, 19 Oct 2016 07:36 AM (IST)Updated: Wed, 19 Oct 2016 05:39 PM (IST)

डेंगू-चिकनगुनिया का दंश झेल रही राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू का खतरा भी मंडराने लगा है। दिल्ली के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली (जेएनएन)। डेंगू-चिकनगुनिया का दंश झेल रही राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू का खतरा भी मंडराने लगा है। मंगलवार को बर्ड फ्लू का वायरस मिलने की पुष्टि के बाद चिड़ियाघर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक चिड़ियाघर में यह वायरस प्रवासी पक्षियों पेंटेड स्टॉर्क, पेलिकंस और बतख में मिला है। चिड़ियाघर के पक्षियों में बर्ड फ्लू का वायरस मिलने का यह पहला मामला है। बता दें कि हाल ही में भारत ने खुद को बर्ड फ्लू मुक्त देश घोषित किया है।

पिछले सप्ताह करीब 11 पक्षियों के मृत पाए जाने के बाद जांच के लिए सैंपल जालंधर और भोपाल भेजे गए थे। जांच में पक्षियों के बर्ड फ्लू से मरने की पुष्टि हुई है। एहतियातन प्रशासन ने चिड़ियाघर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। इस मामले की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

चिड़ियाघर प्रशासन मामले में कुछ भी कहने से बच रहा है। सूत्रों के मुताबिक बर्ड फ्लू की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कई टीमें जांच के लिए बुधवार को चिड़ियाघर पहुंचेंगी। चिड़ियाघर में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को बर्ड फ्लू का टीका लगाया जा रहा है। राष्ट्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने भी चिड़ियाघर प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

फिलहाल चिड़ियाघर में मौजूद अन्य पक्षियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। पेंटेड स्टॉर्क पक्षी दूसरे राज्यों से सितंबर में चिड़ियाघर में डेरा डालने आते हैं। माना जा रहा है कि ये पक्षी दूसरे राज्यों से संक्रमित होकर यहां पहुंचे हैं।

इस बार इनकी संख्या काफी ज्यादा है। इनका प्रजनन शुरू हो चुका है, इसलिए प्रशासन के लिए समस्या और भी गंभीर हो गई है। स्वतंत्र रूप से झील के आसपास रहने वाले इन प्रवासी पक्षियों का इलाज कर पाना संभव नहीं है, इसलिए इन्हें यहां से भगाने पर विचार किया जा रहा है ताकि संक्रमण न फैले।

गौरतलब है कि वर्ष 2005 और 2013 में दिल्ली समेत कई राज्यों को बर्ड फ्लू के मद्देनजर हाई अलर्ट पर रखा गया था, लेकिन उस समय दिल्ली में बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।