विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ऑड-ईवन की प्रेस कांफ्रेंस में सीएम अरविंद केजरीवाल पर फेंका जूता

By Manish NegiEdited By:
Updated: Sat, 09 Apr 2016 09:29 PM (IST)

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को ऑड-ईवन योजना को लेकर दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, तभी वेद प्रकाश नामक शख्स ने उन पर जूता फेंक दिया। कांफ्रेंस में साथ बैठे अन्य लोगों की वजह से जूता मुख्यमंत्री को नहीं लगा।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को ऑड-ईवन योजना को लेकर दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, तभी वेद प्रकाश नामक शख्स ने उन पर जूता फेंक दिया। कांफ्रेंस में साथ बैठे अन्य लोगों की वजह से जूता मुख्यमंत्री को नहीं लगा। वेद प्रकाश आम आदमी सेना का सदस्य है।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया और पीटते हुए मीडिया सेंटर से बाहर निकाला। तब तक सचिवालय में मौजूद पुलिस भी पहुंच गई और उसे आइपी स्टेट थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

जूता फेंकने से पहले वेद प्रकाश ने केजरीवाल से कहा कि सरकार ऑड-इवेन लागू कर रही है, लेकिन सीएनजी कारों के लिए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आइजीएल) द्वारा विशेष स्टीकर बांटा जा रहा है, उसमें घोटाले की शिकायत पर सरकार क्यों नहीं कुछ कर रही है। इसके बाद उसने स्टिंग की सीडी मुख्यमंत्री की ओर फेंकी, फिर दाहिने पैर से जूता निकालकर उछाल दिया।

शाम 4.10 मिनट के करीब हुए घटना के दौरान कुछ देर के लिए प्रेस कांफ्रेंस बाधित रही। बाद में केजरीवाल ने ऑड-इवेन योजना को लेकर अपनी बात पूरी की। उन्होंने जूता फेंकने के बारे में कुछ भी नहीं कहा।

पहले भी हो चुके हैं हमले
17 जनवरी, 2016 - छत्रसाल स्टेडियम में धन्यवाद रैली के दौरान आम आदमी सेना की भावना अरोड़ा ने स्याही फेंकी थी। उसने भी सीएनजी स्टीकर वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। उस दौरान वेद प्रकाश भी मौजूद था।
8 अप्रैल, 2014 - केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में प्रचार कर रहे थे, तब नांगलोई इलाके में एक ऑटो चालक ने उनको थप्पड़ जड़ दिया था।
- 4 अप्रैल 2014 - दिल्ली में रोड शो के दौरान एक शख्स ने केजरीवाल की पीठ पर हमला किया।
28 मार्च, 2014 - हरियाणा में अन्ना समर्थक ने थप्पड़ मारा।
25 मार्च, 2014 - वाराणसी में केजरीवाल पर स्याही व अंडे फेंके गए।
5 मार्च, 2014 - अहमदाबाद में केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए।

जानिए, किसने क्या कहा
'कुछ लोग दिल्ली सरकार की ऑड-इवेन योजना को असफल बनाना चाहते हैं। यह उनकी साजिश है।
- गोपाल राय, परिवहन मंत्री, दिल्ली
---
'दिल्ली में सीएनजी कारों पर लगाने के लिए स्टीकर अवैध रूप से एक हजार रुपये में बिक रहे हैं। इसका स्टिंग भी मौजूद है। दिल्ली सरकार व उपराज्यपाल से लगातार इसकी जांच व कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह हमारे सदस्य ने मजबूरी में किया है। अगर हमारी बात नहीं सुनी गई तो हम सीएम के मुंह पर कालिख भी पोत सकते हैं। हमने यह सब आम आदमी पार्टी से ही सीखा है।
- प्रभात कुमार, प्रमुख, आम आदमी सेना

जानिए, सीएम केजरीवाल पर कब-कब हुआ हमला?

अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेन्स में जूता फेंका, देखें तस्वीरें

ऑड-ईवनः भाजपा ने दी केजरीवाल को नसीहत, अप्रैल नहीं मई में लागू करो