Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    नोटबंदी आजाद भारत में अब तक सबसे बड़ा घोटालाः अरविंद केजरीवाल

    By Nawal MishraEdited By:
    Updated: Fri, 02 Dec 2016 06:24 PM (IST)

    आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मेरठ सभा में कहा कि नोटबंदी आजाद भारत में अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मेरठ (जेएनएन)। नोटबंदी के मुद्दे को यूपी में भुनाने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज मेरठ में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि नोटबंदी आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। नरेन्द्र मोदी गरीबों का पैसा जमा कराकर उसी पैसे से अंबानी, अडानी, सहारा व माल्या का कर्ज माफ कर रहे हैं।

    नोटबंदी आजाद भारत में अब तक सबसे बड़ा घोटालाः अरविंद केजरीवाल

    केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने चालीस करोड़ की रिश्वत ली थी। इसकी जांच होनी चाहिए। कहा कि मोदी ने अपनी 90 वर्षीय मां को बैंक की लाइन में लगाकर सबसे बड़ा पाप किया है। आज जिन घरों में शादियां हैं वह लोग अपने ही रुपयों के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। अमीरों को बैक डोर से रुपये दिये जा रहे हैं। इस नोटबंदी से गरीबों का हाल बुरा है। कहा कि मोदी के भाजपा सांसद ढाई लाख में शादी करके दिखाएं। दिल्ली में हमने भाजपा का अहंकार तोड़ा है, उत्तर प्रदेश में जनता अहंकार तोड़ेगी। केजरीवाल ने कहा कि वह यहां चुनावी रैली करने नहीं आए हैं। लोगों को नोटबंदी का सच बताने आए हैं, भाजपा को हराने आए हैं। इससे पूर्व मेरठ में प्रवेश करते ही परतापुर में भाजपाइयों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। काले झंडे दिखा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। इसी विरोध को देखते हुए केजरीवाल को मेरठ शहर के अंदर के बजाए कंकरखेड़ा बाईपास से होते हुए रैलीस्थल गोकलपुर ले जाया गया। करीब सवा तीन बजे केजरीवाल दिल्ली रवाना हो गए। रैली में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत अन्य आप नेता मौजूद रहे। कयास लगाए जा रहे थे पूर्व सासंद शाहिद अखलाक आप ज्वाइन कर सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

    Metro Trial Run : सपनों की मेट्रो के पहले मुसाफिर मुख्यमंत्री अखिलेश

    नोटबंदी के मुद्दे को यूपी में भुनाने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का अभियान गुरुवार को मेरठ से शुरू होगा। इसी के साथ प्रदेश में तीन जनसभाओं का सिलसिला भी आज से शुरू होगा। मेरठ में गढ़ रोड पर गोकलपुर में वोल्गा रिसार्ट के सामने मैदान में उनकी सभा होगी। जनसभा की आयोजक जिला कार्यकारिणी का दावा है कि जनसभा में पश्चिम उत्तर प्रदेश से अच्छी खासी भीड़ जुटेगी। इसके लिए मेरठ व आसपास के जनपदों में बसें लगाई गई हैं। जोन के सभी जनपदों के संयोजक तथा महिला, अल्पसंख्यक, श्रमिक आदि सभी विंगों के जिला संयोजक भी जनसभा में अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहेंगे। जनसभा में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशीष खेतान, उ.प्र., पंजाब और हिमांचल प्रदेशों के प्रभारी संजय सिंह के साथ पार्टी के सभी मुख्य पदाधिकारी मंचासीन दिखाई देंगे। पश्चिम जोन के सभी पदाधिकारी तथा दिल्ली सरकार के पार्टी के अधिकांश विधायक भी जनसभा में मौजूद रहेंगे। रोड शो परतापुर से शुरू होकर मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा, बेगमपुल, बच्चा पार्क, पश्चिमी कचहरी मार्ग होता हुआ सर्किट हाउस तक होगा।

    तस्वीरों में देखें-लखनऊ मेंट्रो का ट्रायल रन

    तीन दिन से जुटी केजरी की टीम

    जनसभा की तैयारियां कराने में केजरीवाल की विशेष टीम तीन दिन से मेरठ में जमी है। केजरीवाल की सभी जनसभाओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले राजेश सक्सेना जनसभा स्थल पर जमे हैं। जिला संयोजक शैलेंद्र गौड तथा सचिव मनोज हंस के निर्देशन में जनसभा की सभी तैयारियां चली। जोन कार्यकारिणी सदस्य अंकुश चौधरी के प्रार्थनापत्र पर दस हजार लोगों की जनसभा को 24 शर्तों के साथ यह अनुमति दी गई है। केजरीवाल का यहां दो घंटे का कार्यक्रम है।

    खबरें और भी

    नोटबंदीः जो नोट नष्ट करने थे, आरबीआइ ने बैंकों को थमा दिए

    शाहिद अखलाक थाम सकते आप का दामन

    पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम सकते हैं। रैली में पूर्व सांसद के आप में शामिल होने की औपचारिक घोषणा हो सकती है। बसपा से पूर्व सांसद शाहिद अखलाक बीते लोकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद पार्टी से निष्कासित कर दिए गए थे। सपा नेता आशु मलिक व पूर्व सांसद शाहिद अखलाक की मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संग वार्ता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तो बसपा सुप्रीमो के कान खड़े हो गए। मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्व सांसद व पूर्व महापौर हाजी शाहिद अखलाक को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद से उनके लगातार सपा में जाने की अटकलें लगाईं जा रहीं थीं। गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मेरठ में रैली है। बुधवार को पूर्व सांसद के गुदड़ी बाजार स्थित आवास पर आप नेताओं का जमावड़ा रहा। करीब डेढ़ घंटे तक मंत्रणा हुई। सूत्रों की मानें तो गुरुवार को केजरीवाल के सामने पूर्व सांसद आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उधर, शाहिद अखलाक का कहना है कि आप के बड़े नेता मेरे पास आए थे। नोटबंदी के खिलाफ मुझसे समर्थन मांग रहे थे। पार्टी में शामिल होने का अभी कोई विचार नहीं है। नोटबंदी से हर कोई परेशान है। हम इसका विरोध करते हैं।

    मेट्रो रन ट्रायल में चालक इलाहाबाद की प्रतिभा और मीरजापुर की प्राची

    शहरी गरीबों पर आप की नजर

    प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की तैयारी में लंबे समय से जुटी आम आदमी पार्टी अब विधानसभा चुनाव में भी हाथ आजमाने की जुगत में है। पार्टी सूत्रों की मानें तो महानगरों के रास्ते यह प्रयास किया जा सकता है। प्रदेश के 14 नगर निगम और अन्य बड़े शहरों में 75 से अधिक विधानसभा सीटें हैं, इनपर पार्टी अपने प्रत्याशी खड़े कर सकती है। माना जा रहा है कि गुरुवार को मेरठ में जनसभा के दौरान अरविंद केजरीवाल इसकी घोषणा भी कर सकते हैं। शहरी क्षेत्रों में गरीब तबके के लोग बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के समर्थक हैं। अपने इन समर्थकों के बल पर ही पार्टी ने लंबे समय से नगर निगम और नगरपालिका चुनाव लडऩे की घोषणा कर रखी है। अब पार्टी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश का माहौल भांप रही है। फिलहाल नोटबंदी के मुद्दे के सहारे पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश में तीन जनसभाओं की घोषणा करके पार्टी के आधार को और ज्यादा मजबूती देने की रणनीति तैयार की है। पार्टी सूत्रों की मानें तो पार्टी के पास गोपनीय रिपोर्ट यह है कि प्रदेश के महानगरों में आप की स्थिति अच्छी है।

    500 तथा हजार का नोट बंद होने से सब परेशान : अखिलेश