विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शेखर लेकर आए 'हनुमान चालीसा'

By Edited By:
Updated: Sat, 06 Sep 2014 04:23 PM (IST)

मुंबई। संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर संगीत देने के लिए मशहूर हैं ही। ये गीत भी गाते हैं। जब भी मौका मिलता है या फिर कोई गीत ऐसा होता है, जो उनकी आवाज को स ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई। संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर संगीत देने के लिए मशहूर हैं ही। ये गीत भी गाते हैं। जब भी मौका मिलता है या फिर कोई गीत ऐसा होता है, जो उनकी आवाज को सूट करेगा, तो ये फिल्मों में भी गा लेते हैं। लेकिन हम बात करने जा रहे हैं शेखर रवजियानी की। शेखर ने कुछ सिंगल पहले भी रिलीज किए हैं। अब वे अपने चौथे सिंगल 'हनुमान चालीसा' को लेकर चर्चा में हैं। इसे उन्होंने खुद ही गाया और कंपोज भी किया है। इस बारे में बात होने पर शेखर कहते हैं, 'मैं पहले गायकी करने ही आया था और इसी के लिए ट्राई भी किया था, लेकिन संगीतकार बन गया। मेरा नया गाना 'हनुमान चालीसा' है। उम्मीद है, लोग इसे पसंद करेंगे।'

हनुमान चालीसा गाने का आइडिया कैसे आया? शेखर बताते हैं, 'आइडिया जैसी कोई बात तो नहीं है। हमारे यहां हर घर में लोग हनुमान चालीसा पढ़ते हैं। मैं भी पढ़ता रहा हूं। एक दिन स्टूडियो में काम खत्म हो गया था और मैं बैठा ऐसे ही कुछ सोच रहा था। तभी मुझे यह ख्याल आया कि हनुमान चालीसा का एलबम बनाना चाहिए। फिर मैंने उस पर काम करना शुरू किया। पहले गाया और उसे रिकॉर्ड किया। फिर धुन बनाई और उसके बाद गाया। इसका वीडियो भी बना है, जो काफी खूबसूरत है। हमने इसे अलग अंदाज में पेश किया है। कुछ कार्टून कैरेक्टर के रूप में तो कुछ अलग तरह के। दरअसल, मेरी टीम और मेरी समझ में जो भी आइडिया आया, उसे हमने किया और जो अच्छा लगा, उसे रखा है।'

अमिताभ बच्चन और उनसे पहले हरिओम शरण ने इसे गाया है। शेखर कहते हैं, 'अच्छी बात यह हुई कि अमित जी ने मेरे एलबम को रिलीज किया है और वे गायक कैसे हैं, यह सभी जानते हैं। रही बात हरिओम शरण जी की, तो उनके गाये हनुमान चालीसा को सुनते हुए ही हम सब बड़े हुए हैं। उनके जितनी सफलता की बात तो मैं नहीं कर सकता, लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह एलबम भी लोगों को पसंद आएगा। यह हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी है और हर चौपाई के अर्थ भी दिए गए हैं।'

(रतन)