विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बर्थडे: ब्रेस्ट कैंसर से एक फाइटर की तरह जीतीं, जानिये मुमताज़ से जुड़ी 7 दिलचस्प बातें, अब दिखती हैं ऐसी

By Hirendra JEdited By:
Published: Mon, 31 Jul 2017 09:02 AM (IST)

पांच साल पहले दिए एक इंटरव्यू में मुमताज़ ने कहा था कि उनके आस-पास चारों तरफ पानी ही पानी है ...और पढ़ें

बर्थडे: ब्रेस्ट कैंसर से एक फाइटर की तरह जीतीं, जानिये मुमताज़ से जुड़ी 7 दिलचस्प बातें, अब दिखती हैं ऐसी
बर्थडे: ब्रेस्ट कैंसर से एक फाइटर की तरह जीतीं, जानिये मुमताज़ से जुड़ी 7 दिलचस्प बातें, अब दिखती हैं ऐसी

मुंबई। आज बॉलीवुड एक्ट्रेस मुमताज़ का जन्मदिन है। एक दौर था जब चुलबुली, हंसमुख और नटखट मुमताज़ जब परदे पर आतीं तो दर्शकों की धड़कनें रुक जाया करतीं। हर कोई उनकी अदाओं और अदाकारी का दीवाना था। लेकिन, साठ और सत्तर के दशक की इस हसीन नायिका को आज भुला दिया गया है। 69 वर्षीय मुमताज़ आज अपने वतन और कर्म भूमि मुंबई से हजारों किलोमीटर दूर लंदन में रह रहीं हैं। आइये जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें!

जन्म और परवरिश

31 जुलाई 1947 को मुंबई में जन्मीं मुमताज़ ने जब से होश संभाला उनका सपना एक अभिनेत्री बनने का ही था। मुमताज़ की मां नाज़ और आंटी निलोफर दोनों ही एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय थीं, लेकिंन वे महज जूनियर आर्टिस्ट के ही रूप में काम किया करतीं। साठ के दशक में मुमताज़ ने भी फ़िल्मों में छोटे-मोटे रोल करने शुरू कर दिए थे।

यह भी पढ़ें: Box Office: 'मुबारकां' के कलेक्शंस में दूसरे दिन थोड़ा उछाल, 'इंदु सरकार' अभी भी बेहाल

दारा सिंह की हीरोइन बनीं

उनकी किस्मत बदली तब जब दारा सिंह जैसे स्टार बॉलीवुड का हिस्सा बने। दारा सिंह जैसे बुलंद किरदार के साथ काम करने से उस दौर की एक्ट्रेस बचतीं थीं। इसी का फायदा उठाया मुमताज़ ने और उन्होंने एक के बाद एक सोलह फ़िल्में दारा सिंह के साथ कीं। क्या आप यकीन करेंगे कि इन सोलह फ़िल्मों में दस फ़िल्में जबर्दस्त हिट साबित हुईं। यहां से सफ़र शुरू हो गया मुमताज़ की कामयाबी का।

राजेश खन्ना के साथ मिली बुलंदी

दारा सिंह के बाद फिर उन्हें मिला देश के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना का साथ और यह दौर अभिनेत्री मुमताज़ की ज़िन्दगी का गोल्डन टाइम साबित हुआ। उससे पहले कि उनके बारे में और भी कुछ जानें, आइये पहले देखते हैं, बला की खूबसूरत यह एक्ट्रेस अब कैसी दिखती है...

यह भी पढ़ें: इन 5 स्टार्स ने एक्टिंग छोड़ चुन लिया दूसरा प्रोफेशन, उसमें भी हैं कामयाब

राजेश खन्ना का टूटा दिल

राजेश खन्ना और मुमताज़ का एक साथ परदे पर दिखना कामयाबी की गारंटी मानी जाती थी। इस जोड़ी ने 'दो रास्ते', 'सच्चा-झूठा', 'आपकी कसम', 'अपना देश' 'प्रेम कहानी', 'दुश्मन', 'बंधन' और 'रोटी' जैसी सफल और यादगार फ़िल्मों में काम किया। कहा जाता है कि यह जोड़ी वास्तविक ज़िन्दगी में भी काफी करीब थी। 1974 में जब मुमताज़ ने मयूर मधवानी से शादी की तब राजेश खन्ना का दिल टूट गया। राजेश खन्ना नहीं चाहते थे कि मुमताज़ अभी शादी करें। शादी के बाद मुमताज़ ने फ़िल्मों में काम करना बंद कर दिया। उन्होंने अपने पंद्रह साल के करियर में 108 फ़िल्में कीं और इनमें से ज़्यादातर फ़िल्में हिट साबित हुईं।

ब्रेस्ट कैंसर को दी मात

अपने दौर में टॉप पर रहीं मुमताज़ ने हालांकि 1989 में 'आंधियां' फ़िल्म से दूसरी पारी खेलनी चाही लेकिन इस फ़िल्म के फ्लॉप हो जाने के बाद उन्होंने इंडस्ट्री को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। बाद में उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया जिससे वो एक फाइटर की तरह बाहर निकलीं।

अवार्ड

गौरतलब है कि साल 1971 में संजीव कुमार के साथ 'खिलौना' फ़िल्म के लिए उन्हें फ़िल्मफेयर का बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड मिला। 1996 में उन्हें फ़िल्मफेयर ने लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया। 2005 में मुमताज़ की बड़ी बेटी नताशा की शादी एक्टर फरदीन खान से हुई।

यह भी पढ़ें: कंगना रनौत समेत इन 7 अभिनेत्रियों ने अपने दम पर बनायीं बॉलीवुड में पहचान

आज भूल गए सब

दारा सिंह और राजेश खन्ना की मौत पर मीडिया ने मुमताज़ से ज़रूर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन, सच तो यही है कि आज मुमताज़ एक भुला दी गयीं स्टार हैं। पांच साल पहले दिए एक इंटरव्यू में मुमताज़ ने कहा था कि उनके आस-पास चारों तरफ पानी ही पानी है लेकिन वो खुद बहुत प्यासी हैं और अकेली भी ग्लैमर और चकाचौंध से दूर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।