विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब दिखाऊंगी गायकी के तेवर : सोनाक्षी सिन्हा

By ChandanEdited By:
Published: Thu, 13 Nov 2014 10:56 AM (IST)Updated: Thu, 13 Nov 2014 12:36 PM (IST)

मुंबई। लंबे समय से थी गाने की ख्वाहिश। संजय कपूर की फिल्म से पूरी हो गयी यह चाहत, कहती हैं ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई। लंबे समय से थी गाने की ख्वाहिश। संजय कपूर की फिल्म से पूरी हो गयी यह चाहत, कहती हैं सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा आगरा की लड़की के रूप में अपने प्रशंसकों के होश उड़ाने आ रही हैं। संजय कपूर की फिल्म 'तेवर' में वह अर्जुन कपूर के साथ दिखेंगी। निर्देशन की कमान अमित शर्मा ने संभाली है। अमित ने तीन सौ से ज्यादा शार्ट और विज्ञापन फिल्में बनाई हैं। वह प्रदीप सरकार के असिस्टेंट रह चुके हैं।

'तेवर' में अर्जुन एंग्री यंगमैन पिंटू बने हैं तो सोनाक्षी राधिका के किरदार में नजर आएंगी। राधिका को डांस से बेहद लगाव है। उनके डांस और खूबसूरती पर एक बाहुबली मंत्रमुग्ध हो जाता है। बाहुबली के किरदार में मनोज बाजपेई हैं। फिल्म की शूटिंग मथुरा, वाई और मुंबई में हुई है।

सोनाक्षी कहती हैं, 'यह आम प्रेम कहानी नहीं है। लड़का-लड़की प्यार करके नहीं भागते हैं। विषम परिस्थितयां दोनों को साथ लाती हैं। जहां तक डांस की बात है, वह मैंने प्रभुदेवा से ही सीखा है। अमित ने पहली बार फिल्म का निर्देशन किया है।

उनके साथ काम करने में मजा आया। फिल्म को लाइव लोकेशन पर शूट करना आसान नहीं होता। भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल होता है, पर हमने शूटिंग की। अमित वाकई परफेक्शनिस्ट हैं। उन्होंने जिस तरह के तेवर दिखाए हैं वह काबिलेतारीफ है।'

अर्जुन और सोनाक्षी बचपन के दोस्त रहे हैं। उन्हें अर्जुन का कौन सा तेवर पसंद आया? पूछने पर वह कहती हैं, 'अर्जुन अपने काम में डूबे रहते हैं। वह अपने किरदार की तैयारी बखूबी करते हैं। वह फिल्म मेकिंग की बारीकियों को भी जानते हैं। मैं भी इन बारीकियों को सीखना चाहती हूं।'

आलिया भट्ट, श्रद्धा कपूर अपनी गायकी से दर्शकों का मन मोह चुकी हैं। अब बारी सोनाक्षी की है। 'तेवर' में उन्होंने भी पहली बार गायकी की है। वह कहती, 'मेरी ख्वाहिश काफी समय से फिल्म में गाना गाने की थी, लेकिन मुझे अवसर नहीं मिला। पाकिस्तानी गायक इमरान खान यह गाना मेरे पास लेेकर आए। यह गाना बहुत ही खूबसूरत है। इमरान गाने के लिए एक सिंगर की तलाश में थे। वह सेट पर आए हुए थे तभी उन्होंने कहा कि यह गाना तुम गाओगी। मुझे सुनकर विश्वास नहीं हुआ। मैं पूछा आर यू श्योर? उन्होंने कहा हां। अमित भी चाहते थे कि मैं गाना गाऊं। मैंने भी मौके को हाथ से नहीं जाने दिया। इसे गाने में मुझे काफी मजा आया। गाने के बोल जानने के लिए आपको कुछ इंतजार करना पड़ेगा।'

फिल्म 'आर राजकुमार' में भी दबंग उनके पीछे पड़ जाता है। 'तेवर' के ट्रेलर में भी कुछ ऐसा ही है, पर दोनों फिल्मों की कहानी एकसमान होने से सोनाक्षी इनकार करती हैं। वह कहती हैं कि पिंटू को नहीं पता होता कि एक बाहुबली राधिका को चाहता है। परिस्थितियां तीनों को साथ ले आती हैं। इसकी तुलना पिछली फिल्मों से न करना ही बेहतर होगा।'

'तेवर' के बाद सोनाक्षी की फिल्म 'एक्शन जैक्सन' और 'लिंगा' भी आएगी।'एक्शन जैक्सन में जहां वह कॉमेडी करते दिखेंगी वहीं 'लिंगा' में पांचवे दशक का किरदार निभा रही हैं। यह पीरियड फिल्म है। इससे पहले वह पीरियड फिल्म 'लुटेरा' भी कर चुकी हैं। सोनाक्षी कहती हैं, 'मुझे इंडस्ट्री में आए अभी चार साल ही हुए हैं। इन चार सालों की मेरी उपलब्धि दूसरी हीरोइनों की आठ सालों की जर्नी के बराबर है। मैं वहीं फिल्में करती हूं जो मुझे पसंद आती हैं। मैंने कभी किसी रणनीति के तहत फिल्में नहीं चुनी हैं।'

(स्मिता श्रीवास्तव)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।