यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पर्स में लिपस्टिक के साथ पिस्टल भी रखती हैं हरियाणवी महिलाएं
हरियाणा की महिलाएं अपने पर्स में सौंदर्य प्रसाधन के अलावा पिस्टल भी रखने लगी हैं। प्रदेश में महिलाओं के नाम कुल 1013 लाइसेंस हैं। इनमें अधिकतक ब्यूटी पार्लर हैं।

रोहतक [सर्वेंद्र पुंडीर]। आज की महिलाएं पुरुषों से किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है, खासकर हरियाणा की महिलाएं ऑटो चलाने से लेकर खेती और अखाड़ों में खूब दम दिखा रही हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर भी यहां महिलाएं जागरूक होने लगी हैं। वह अब अपने पर्स में लिपस्टिक के साथ पिस्टल भी साथ लेकर चलती हैं।
पूरे प्रदेश में 1000 से अधिक हथियारों के लाइसेंस महिलाओं के नाम पर है। अंबाला में सबसे अधिक 105 लाइसेंस महिलाओं के नाम पर है। वहीं प्रदेश में महेंद्रगढ़ जिला ऐसा है, जहां पर एक भी महिला के नाम पर भी हथियार का लाइसेंस नहीं है।
जिला प्रशासन की लाइसेंस शाखा के आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रदेश में महिलाओं के नाम कुल 1013 लाइसेंस हैं, जबकि प्रदेश भर में हथियारों के कुल 1,39,497 लाइसेंस हैं। रोहतक जिले में 38 लाइसेंस महिलाओं के नाम पर है और अधिकतर महिलाओं के पास पिस्टल और रिवाल्वर के लाइसेंस हैं। बोहर गांव की रहने वाली दो महिलाएं तो अपने पर्स में हर समय पिस्टल रखती हैं, ताकि वह अपनी सुरक्षा कर सके।
पार्लर चलाने वाली रखती हैं हथियार
शहर की तेज कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला की कहानी अजीब ही है। महिला ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पति की सड़क हादसे में मौत के बाद लोग उसे बुरी नजरों से देखने लगे। रास्तों में बदतमीजी होने लगी। उसने एक दो बार पुलिस से शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने रिवाल्वर का लाइसेंस ले लिया। उनका कहना है कि अब वह हमेशा अपने साथ रिवाल्वर रखती है। हालांकि वह इसे दिखाकर किसी पर रौब नहीं झाड़ती, लेकिन मुसीबत आने पर वह गोली चलाने से पीछे नहीं हटेगी।

