Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    रहें हमेशा फिट

    By Babita kashyapEdited By:
    Updated: Sat, 02 Apr 2016 01:15 PM (IST)

    लगभग हर स्त्री की चाहत होती है कि वह हमेशा फिट रहे। विशेषज्ञों का कहना है कि आप हमेशा फिट दिख सकती हैं, यदि आप शुरू से ही अपने पर जरा सा ध्यान देती है ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जरूरी है एक्सरसाइज

    फिटनेस एक्सपर्ट डा. अवनिका सामंत का कहना है कि प्रत्येक महिला को किसी कुशल विशेषज्ञ से परामर्श करके प्रतिदिन थोड़ी देर एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसके साथ ही प्रतिदिन सुबह-शाम टहलना भी चाहिए। टहलने से शरीर में रक्तसंचार तेज होता है। इससे त्वचा में भी निखार आता है। डा. अवनिका कहती हैं कि व्यायाम करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक लाभ भी मिलता है।

    खानपान पर ध्यान

    सीनियर डाइटीशियन डा. मालती सिंह कहती हैं कि महिलाएं पूरे परिवार का तो ध्यान रखती हैं, लेकिन अपने खानपान पर ध्यान नहीं देती हैं। यदि आप अपने को हमेशा चुस्त-दुरुस्त रखना चाहती हैं तो अपने खानपान पर विशेष ध्यान दें। अधिक मीठे, अधिक तले-भुने और गरिष्ठ भोजन से दूर रहना ही बेहतर है। यदि आप चाय-काफी का अधिक सेवन करती हैं तो इसे कम कर दें। इनके स्थान पर संतुलित आहार अपनाएं। आपके आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां, बींस, गाजर, चुकंदर, खीरा-ककड़ी आदि शामिल होने चाहिए। इनसे शरीर के लिए आवश्यक सभी प्रकार के पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। इसके साथ ही यह ध्यान रखें कि आपके शरीर में पानी की कमी न होने पाए। आजकल के मौसम में नींबू-पानी, शहद-पानी, शिकंजी, लस्सी, म_ा आदि का अधिक सेवन करना चाहिए।

    आंखों की देखभाल

    फिटनेस एक्सपर्ट मानविका गुप्ता कहती हैं कि आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक होती है। इसलिए इनकी देखभाल के लिए जरूरी है कि आप बादाम तेल युक्त क्रीम से आंखों के आसपास मालिश करें। इसके साथ ही आंखों को आराम देने के लिए कच्चे आलू के टुकड़े या खीरे के टुकड़े आंखों पर थोड़ी देर के लिए रखें। इसके साथ ही रात में अंडर आई क्रीम जरूर लगाएं।

    पर्याप्त नींद लेना

    यह तो आपको भी पता होगा कि जब आप रात में अच्छी नींद लेती हैं तो सुबह कितना फ्रेश महसूस करती होंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि जब आप पर्याप्त नींद लेती हैं तो शरीर अपने पूरे सिस्टम को सही रखता है। पर्याप्त नींद से न केवल शरीर को आराम मिलता है, बल्कि इस दौरान त्वचा को भी आराम मिलता है। वैसे तो आज के आपाधापी भरे दौर में लोगों के पास चैन से सोने का समय नहीं होता है, लेकिन यदि आप अपने को हर दिन चुस्त-दुरुस्त रखना चाहती हैं तो छह-सात घंटे की नींद लेना बहुत जरूरी है। यह भी ध्यान रखें कि पर्याप्त नींद के बिना आपकी आंखें हमेशा थकी-थकी दिखाई देंगी। इसलिए प्रतिदिन पर्याप्त नींद जरूर लें।

    खबरें और भी

    सनस्क्रीन का प्रयोग

    त्वचा रोग विशेषज्ञों का कहना है कि बहुत सी महिलाओं को यह पता ही नहीं होता है कि हर मौसम में सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे त्वचा को पोषण मिलता है। बहुत सी महिलाएं असमय झुर्रियों से बचने के लिए एंटी रिंकल क्रीम का प्रयोग करती हैं। उन्हें यह मालूम ही नहीं होता है कि अगर शुरू से सूर्य की अल्ट्रावायलेट किरणों से बचने के लिए सनस्क्रीन क्रीम या लोशन का प्रयोग किया जाए तो असमय झुर्रियों से बचा जा सकता है। इसलिए रोजाना घर से निकलने से पहले अपनी त्वचा पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें। हाल ही में हुए एक शोध से पता चला है कि जो महिलाएं शुरू से ही सनस्क्रीन क्रीम या लोशन का प्रयोग करती हैं उनकी त्वचा लंबे समय तक जवां रहती है। इसके विपरीत जो महिलाएं सनस्क्रीन क्रीम या लोशन का प्रयोग नहीं करती हैं, उनकी त्वचा पर असमय झुर्रियां पडऩे लगती हैं।

    रुचिका गुप्ता