विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रातभर नहीं सोया आतंकी आबिद खान

By Edited By:
Updated: Tue, 20 Dec 2016 01:02 AM (IST)

संवाद सहयोगी, कुल्लू : आतंकी आबिद खान शनिवार रात को ठीक से सो भी नहीं पाया। आबिद ने रात को पुलिस से

News Article Hero Image

संवाद सहयोगी, कुल्लू : आतंकी आबिद खान शनिवार रात को ठीक से सो भी नहीं पाया। आबिद ने रात को पुलिस से आठ बार बाथरूम जाने की इजाजत मांगी। गुमसुम आबिद पुलिस के सवालों का भी देर से जवाब देता रहा। आतंकी आबिद को शनिवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने प्रदेश पुलिस के साथ कुल्लू जिले के बंजार से गिरफ्तार किया था। आबिद इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आइएसआइएस) के लिए काम करता है।

कुल्लू पहुंचने पर आबिद खान ने रात करवटें बदलते हुए गुजारी। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आबिद रात भर सो नहीं पाया। रात को आठ बार बाथरूम जाने की इजाजत मांगी, गुमसुम आबिद देर से हर सवाल का जवाब देता रहा। पूछताछ के दौरान आबिद खान ने कई खुलासे किए हैं। इसमें उसने सबसे ज्यादा अपनी प्रेमिका का जिक्र किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आबिद को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। औरों को देखकर वह हंस रहा था। रविवार सुबह पुलिस ने जहां पर आबिद को रखा था वहां का निरीक्षण किया। कई बार रात को वह उठकर बैठा और टहला। सुबह होते ही आबिद के चेहरे पर हल्की मुस्कान दिखाई दी। कुल्लू की शांत वादियों में इस तरह के संदिग्ध लोगों के पकड़े जाने से हर कोई हैरान है। बंजार के लोगों का कहना है कि इतने बड़े आपराधिक पृष्ठभूमि के आतंकी आबिद खान का खुफिया एजेंसियां भी पता नहीं लगा पाई। आबिद खान को बड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया था।

कुल्लू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि हथियारों से लैस जवानों को शिफ्ट बाइज तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि मैं स्वयं भी रात को बार-बार स्थिति का जायजा लेता रहा।

................

दिनभर चर्च, मोबाइल व लैपटॉप पर व्यस्त रहता था आबिद

आतंकी आबिद खान बंजार के सिधवां में दिन भर चर्च में ही देखा जाता था। वह मोबाइल फोन और लैपटॉप पर अधिकतर समय तक व्यस्त रहता था। लोगों ने कई बार इसे जीभी तो कई बार सैंज इलाके में भी जाते हुए देखा है। मोबाइल फोन से जगह-जगह फोटो खींचते भी उसे कई बार देखा गया था। फोटो खींचने के शौक को लोग समझ नहीं पाए। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि लारजी डैम, एनएचपीसी के पॉवर हाउस, सैंज डैम के अलावा एचपीपीसीएल द्वारा निर्माणाधीन हाइड्रो प्रोजेक्ट के भी आबिद ने वीडियो व चित्र आइएसआइएस तक पहुंचा दिए होंगे। दिन के समय कई बार बंजार के बाजार में आबिद घूमते हुए देखा जा सकता था। आबिद लोगों से बातचीत करते हुए काफी मृद़ुभाषी होने का आभास दिलाता था। लोग भी इस मासूम चेहरे को पहचान नहीं पाए। आइएसआइएस का एजेंट निकलने के बाद से लोग भी हैरान हैं कि बंजार में ऐसे शख्श रहता था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस इसकी दिनचर्या की छानबीन कर रही है।