यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहले प्यार फिर किया इंकार, धुनाई के बाद शादी को तैयार
युवक ने पहले प्यार फिर शादी करने से इंकार कर दिया। जब पिटाई हुई, तब वह शादी के लिए तैयार हो गया। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। सात साल तक प्यार का रिश्ता रखने के बाद लड़का द्वारा शादी से इंकार करने पर रविवार को धनबाद थाने में घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला। लड़की ने शादी के लिए लड़के को मानने का काफी प्रयास किया। नहीं मानने पर पहले तो झगड़ा हुआ फिर लड़के की जमकर धुनाई।
कहा जा रहा है कि पहले लड़के ने ही महिला पर हाथ उठा दिया। उसके बाद महिलाओं ने मिलकर लड़के की जमकर धुनाई कर दी। इतना सबकुछ होने के बाद लड़के की शादी प्रेमिका से करा दी गई। शादी होने के बाद मारपीट में घायल महिलाओं ने लड़के के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करा दी।
जानिए, क्या है मामला:
सात साल पहले गांधी नगर की रहने वाली एक युवती को वहीं के रहने वाले मुकेश वर्मन नामक युवक से प्यार हो गया। प्यार का यह सिलसिला 2013 तक तो ठीक चला, लेकिन जब लड़की ने शादी के लिए मुकेश पर दवाब डाला तो उसने इंकार कर दिया। मुकेश गांधी नगर छोड़कर विनोद नगर में रहने लगा। लड़की भी काम करने के लिए रांची चली गई। इसके बाद अचानक मुकेश का प्यार फिर से जग गया और वह मिलने के लिए रांची आने-जाने लगा।
2014 में जब युवती ने एक बार फिर शादी की बात कही तो उसने लिखित रूप से उसके पिता को शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद मुकेश धनबाद आ गया। एक साल तक जब मुकेश ने शादी नहीं की तो युवती ने धनबाद महिला थाना का दरवाजा खटखटाया। थाने में युवती की सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद रविवार को उसने धनबाद की समाजसेवी महिलाओं को अपनी व्यथा सुनाई।
खबरें और भी
व्यथा सुनने के बाद नैना देवी, होलिका देवी समेत आधा दर्जन महिलाएं युवती के पक्ष में खड़ी हो गईं। युवक को पकड़कर धनबाद महिला थाना लाया गया। लड़के को काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह शादी के लिए राजी नहीं हुआ। युवती ने धनबाद थाना में अपनी शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत के बाद पुलिस ने युवक और उसकी मां को थाने में बुला लिया।
युवती और उसके साथ आई अन्य महिलाएं शादी के लिए दवाब बना रही थीं। युवक थाने से निकल कर परिसर में स्थित शिव मंदिर चला गया। यहां युवती भी पहुंची और हाथ में सिंदूर लेकर युवक से शादी करने का आग्रह करने लगी। महिलाओं ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इस बीच युवक ने महिलाओं पर हाथ उठा दिया। इतना होते ही सारी महिलाएं टूट पड़ीं और युवक की जमकर धुनाई कर दी। युवती ने युवक के हाथ से अपनी मांग में सिंदूर भर लिया।
महिलाओं ने दर्ज कराई प्राथमिकी:
नैना देवी और होलिका देवी ने धनबाद थाना में लिखित आवेदन देकर युवक मुकेश कुमार के खिलाफ मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। नैना देवी ने बताया कि पहले युवक ने उनपर हाथ चला दिया। इससे उन्हें चोट आई है।