विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जमशेदपुर में थाने को फूंकने का प्रयास, तोड़फोड़

By Sachin MishraEdited By:
Published: Sun, 21 May 2017 09:20 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 21 May 2017 03:24 PM (GMT+05:30)

बच्चा चोरी की अफवाह में सरायकेला में चार, जमशेदपुर के बागबेड़ा में तीन और घाटशिला में दो की हत्या कर दी गई थी।

जमशेदपुर में थाने को फूंकने का प्रयास, तोड़फोड़
जमशेदपुर में थाने को फूंकने का प्रयास, तोड़फोड़

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बच्चा चोरी की अफवाह में कुल 9 लोगों की हत्या के बाद शनिवार को एक समुदाय के लोग विरोध प्रदर्शित करते हुए सड़क पर उतर आए। इस दौरान इनमें से कुछ युवकों द्वारा मानगो में एक धार्मिक स्थल पर किए गए पथराव के बाद माहौल बिगड़ गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। युवकों ने मानगो थाना व धातकीडीह टीओपी में तोड़फोड़ कर फूंकने का प्रयास किया।

जवानों पर भी पथराव किया गया। स्थिति अनियंत्रित होता देख जवानों ने लाठीचार्ज कर युवकों को खदेड़ने का प्रयास किया। बावजूद इसके, प्रदर्शन कर रहे लोगों का आक्रोश खत्म नहीं होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दाग व हवाई फायरिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एसएसपी अनूप टी मैथ्यू के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। मानगो के सारे रास्ते ब्लॉक कर दिए गए हैं। बताया गया है कि सुबह 9:30 बजे से समुदाय विशेष के युवक मानगो मस्जिद के सामने टायर जलाकर विरोध कर रहे थे।

इस दौरान हजारों युवक मानगो पुल को जाम करने आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान जमकर बहस भी हुई। पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सुबह 10:15 बजे युवकों में से किसी ने सामने स्थित मंदिर पर एक-दो पत्थर फेंक दिए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिससे युवक भाग खड़े हुए। कुछ दूर जाकर ये युवक पुलिस पर पथराव करने लगे। देखते ही देखते मानगो गांधी मैदान, मानगो मस्जिद के पास खड़े युवकों ने भी पत्थरबाजी प्रारंभ कर दी। पुलिस व मीडिया कर्मियों को भी इससे चोटें आई।

स्थिति बिगड़ती देख एसएसपी को इसकी सूचना मानगो थाना प्रभारी की ओर से दी गई। इसके बाद सभी थानों और पुलिस लाइन से सुरक्षा बल मानगो भेजा गया। रैफ के जवान तैनात कर दिए गए। एसएसपी अनूप टी मैथ्यू भी दलबल के साथ पहुंचे। इसके बाद जवानों ने भी उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पत्थर बाजी की। मानगो दो नंबर रोड में बवालियों ने वज्र वाहन पलटने की कोशिश की। इसके बचाव को लिए पुलिस को हवाई फाय¨रग करनी पड़ी।

रैफ के जवानों ने पहुंचते ही आंसू गैस के गोले छोड़े। लगभग 12 बजे स्थिति थोड़ी बहुत नियंत्रण में आ गई, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इधर, मंदिर पर पथराव के विरोध में दूसरे समुदाय के लोग भी सड़क पर उतर आए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई। इसमें कई लोग घायल भी हुए। पूरा मानगो क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बाद में पुलिस बल ने लाठचार्ज व आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

बच्चा चोरी की अफवाह में नौ की गई थी जान

बच्चा चोरी की अफवाह में गुरुवार को सरायकेला में चार, जमशेदपुर के बागबेड़ा में तीन और घाटशिला में छह दिनों पूर्व दो की हत्या कर दी गई थी।

उपद्रवियों से निपटने को आइजी अभियान के नेतृत्व में बनी टीम

बच्चा चोरी की अफवाह और धार्मिक स्थल पर पथराव के बाद जमशेदपुर शहर में भारी तनाव और उपद्रवियों से निपटने के लिए डीजीपी डीके पांडेय ने आइजी अभियान आशीष बत्रा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम गठित की है। वे शनिवार शाम को पुलिस मुख्यालय में जमशेदपुर मामले की समीक्षा कर रहे थे। टीम में आइजी बत्रा के अलावा जैप डीआइजी सुधीर कुमार झा, विशेष शाखा और सीआइडी के एक-एक पुलिस अधीक्षक भी शामिल होंगे। सभी अधिकारी रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे। इसके अलावा स्थिति को सामान्य रखने के लिए अलग से 06 कम्पनी अतिरिक्त बल जमशेदपुर को मुहैया कराई गई है। वहीं पीटीसी हजारीबाग से एक घुड़सवार दस्ता भी जमशेदपुर के लिए रवाना किया जा रहा है।

अफवाह फैलाने वालों पर कसेगा शिकंजा:

अफवाह के बाद नौ लोगों की हुई हत्या को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। मामले में डीजीपी डीके पांडेय के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय के स्तर से एक अपील जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि अफवाह फैलाने वाले देश के दुश्मन हैं। समाज में उन्माद फैलाने वालों को बेनकाब करने में लोग झारखंड पुलिस की मदद करें। यदि किन्हीं के पास उन्माद फैलाकर हिंसा करने या कराने वालों की जानकारी हो तो उसे अवश्य स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वालों का नाम और पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखा जाएगा।

जमशेदपुर के चार थाना क्षेत्र में धारा 144
 मानगो में हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन ने मानगो, उलीडीह, आजाद नगर और एमजीएम थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। इन इलाकों में धारा 144 रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगी। एसडीओ मनोज कुमार रंजन ने बताया कि इस दौरान किसी भी तरह के अवैध जमावड़े पर पूरी तरह रोक रहेगी। पांच से ज्यादा लोगों के एक जगह पर जमा होने और लाठी, डंडा, फरसा या कोई अन्य अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर भी रोक लगा दी गई है। धारा 144 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

फिरोज, बाबर समेत 41 पर प्राथमिकी
 मानगो थाना में तोडफ़ोड़, हंगामा, आगजनी  व फायरिंग के मामले में कांग्रेसी नेता फिरोज खान, झामुमो नेता बाबर खान समेत 41 को नामजद करते हुए 500 अज्ञात के खिलाफ दंडाधिकारी राकेश कुमार के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर धतकीडीह टीओपी में तोडफ़ोड़, पथराव व आगजनी मामले में 30 को नामजद करते हुए 70 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस क्लोज सर्किट कैमरे और वीडियो के जरिए घटना में शामिल लोगों की शिनाख्त की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। 

मानगो बवाल में आठ हिरासत में : एसएसपी
एसएसपी अनूप टी मैथ्यू ने बताया कि मानगो में बवाल करने के मामले में कुल आठ लोगों को अब तक हिरासत में लिया गया है। जिनके नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है। गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है। किसी को बक्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने बताया मानगो थाना पर हमला, तोडफ़ोड़, वज्र वाहन, पुलिस जीप को क्षतिग्रस्त करने, जलाने का प्रयास, पुलिसकर्मियों पर हमला, पथराव करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। धतकीडीह की घटना में प्राथमिकी की कार्रवाई होगी। एसएसपी ने बताया उपद्रव मचा रहे लोगों पर लाठी चार्ज की गई। आश्रु गैस छोड़ा गया। विधि व्यवस्था नियंत्रण को पर्याप्त बल है।⁠⁠⁠⁠

यह भी पढ़ेंः बच्चा चोरी की अफवाह में सात को पीट-पीट कर मार डाला, तनाव

यह भी पढ़ेंः झारखंड के गढ़वा में बालू पर बवाल, चार की हत्या; कई वाहन फूंके

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।