विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'आप' प्रशंसक ने केजरीवाल को भेंट की चांदी की झाड़ू

By Sumit KumarEdited By:
Updated: Thu, 19 Mar 2015 08:00 AM (IST)

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जनता दरबार में बुधवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान राजस्थान से आए उनके एक प्रशंसक ने उन्हें चांदी की झाड़ू भेंट की तो गेस्ट टीचरों ने हक की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जनता दरबार में बुधवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान राजस्थान से आए उनके एक प्रशंसक ने उन्हें चांदी की झाड़ू भेंट की तो गेस्ट टीचरों ने हक की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

आप के कौशांबी स्थित कार्यालय पर लगने वाले जनता दरबार के मद्देनजर बुधवार की भोर से ही महिला-पुरुष फरियादी कतारबद्ध हो गए। दस बजे से केजरीवाल ने समस्याएं सुननी शुरू कीं। साढ़े ग्यारह बजे तक चले जनता दरबार में दो सौ से अधिक लोगों ने समस्या रखी।

स्थायी तैनाती, वेतन निर्धारण की मांग
ऑल गेस्ट टीचर एसोसिएशन के बैनर तले गेस्ट टीचरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वे स्थायी तैनाती और वेतन निर्धारण की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि शासनादेश को ताक पर उन्हें स्कूलों से हटाया जा रहा है। केजरीवाल ने दो-तीन दिन में समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण तोबरिया ने बताया कि समाधान नहीं हुआ तो 25 मार्च को दिल्ली सचिवालय का घेराव किया जाएगा।

राजसमंद से पैदल आया यूनुस
राजस्थान के राजसमंद जिले के गांव कुरज से पैदल चल कर आए मो. यूनुस ने केजरीवाल को 40 ग्राम की चांदी की झाड़ भेंट की। उनके साथ अजमेर के दिनेश गोपाल, रियाज अहमद, रमेश चन्द्र वर्मा व तेजपाल जैन मौजूद रहे। युनूस ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है। उसने केजरीवाल को भेंट करने के लिए एक टोपी भी बनाई थी, जिसे रास्ते में हरियाणा बार्डर के पास किसी ने चुरा लिया।

ठोस कदम उठाने की मांग
आम आदमी पार्टी में मची उथल-पुथल से आहत लोगों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरनारत लोगों का प्रतिनिधिमंडल जनता दरबार में केजरीवाल से मिला और पार्टी की एकता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शैलेन्द्र ने बताया कि केजरीवाल ने मुस्कुराते हुए मांग पत्र ले लिया।

पढ़ें - अब 'आप' ऑनलाइन खरीदें झाडू, सिर्फ 5 रुपये में