विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अजय माकन संभालेंगे दिल्‍ली कांग्रेस की कमान

By Sumit KumarEdited By:
Published: Sat, 28 Feb 2015 07:59 AM (IST)Updated: Sat, 28 Feb 2015 08:09 AM (IST)

कांग्रेस महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन अगले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होंगे। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनकी नियुक्ति ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [अजय पांडेय]। कांग्रेस महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन अगले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होंगे। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। बताया जा रहा है कि उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने की औपचारिक घोषणा कभी भी की जा सकती है।

दिल्ली विस चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक पराजय के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, प्रदेश के प्रभारी महासचिव पीसी चाको और खुद माकन ने पार्टी महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। माकन को चुनाव से ठीक पहले चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन अंतिम समय में बहुत जोर लगाने के बावजूद वे कांग्रेस को करारी हार से नहीं बचा पाए और खुद अपना चुनाव भी हार गए। कांग्रेस को चुनाव में एक भी सीट नहीं मिल पाई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने किया था हस्तक्षेप
पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने माकन को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है जबकि प्रदेश प्रभारी चाको से भी कहा है कि वह दिल्ली के प्रभारी के पद पर लगातार काम करते रहें।

सनद रहे कि पिछले दिनों पार्टी की करारी हार के बाद जब पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने माकन के खिलाफ तल्ख टिप्पणी की थी और इससे माकन सार्वजनिक तौर पर व्यथित नजर आए तो खुद कांग्रेस अध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया था। कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था कि इस मामले में कोई सार्वजनिक टीका-टिप्पणी नहीं करेगा।

माकन करा सकते हैं वापसी
दिल्ली में कांग्रेस के पास विकल्प बहुत सीमित हैं। शीला दीक्षित युग के बाद अब माकन ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जिनकी दिल्ली में मजबूत जड़े हैं। इस श्रेणी में एक बड़ा नाम सज्जन कुमार का भी है लेकिन जब तक सिख विरोधी दंगों से वह पूरी तरह बरी नहीं हो जाते, तब तक पार्टी हाईकमान उन्हें आगे करने की नहीं सोच सकता।

कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। आम आदमी पार्टी बनाकर उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के समूचे वोट बैंक पर कब्जा कर लिया है। जाहिर है कि दिल्ली में कांग्रेस को दोबारा खड़ा होना है तो उसे आप से अपना वोट बैंक वापस हासिल करना होगा और यह काम आसान नहीं है।

पढ़ें - माकन, वालिया सहित 62 कांग्रेसी उम्मीदवारों की जमानत जब्त

पढ़ें - शीला के बयान से दुखी माकन दे सकते हैं कांग्रेस से इस्तीफा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।