विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तरक्की में यूपी गुजरात से आगे: मुलायम

By Edited By:
Published: Tue, 11 Feb 2014 12:35 PM (IST)Updated: Tue, 11 Feb 2014 10:38 PM (IST)

सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सूबे में पढ़ाई-दवाई और सिंचाई मुफ्त है। किसानों को कर्ज से उबारा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

सहारनपुर [जासं]। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सूबे में पढ़ाई-दवाई और सिंचाई मुफ्त है। किसानों को कर्ज से उबारा गया है। गुजरात में ऐसा नहीं है। यूपी का मुकाबला गुजरात क्या करेगा? उन्होंने केंद्र की भी खिंचाई की और चीन का मसला उठाते हुए कहा कि यूपीए सरकार के मंत्री विदेशों में जाकर चापलूसी करते हैं।

मुलायम मंगलवार को सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कालेज की ओपीडी का शुभारंभ करने के बाद रैली को संबोधित कर रहे थे। बड़ी चतुराई से जमीयत-उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरशद मदनी को बधाई देते हुए कहा कि उनके कहने पर ही मैंने मेडिकल कालेज को शेखुल हिंद के नाम पर किया है। शेखुल हिंद महान क्रांतिकारी थे। आज की नई पीढ़ी में देश भक्ति की कमी आ रही है। राम मनोहर लोहिया और रामशरण दास जैसे समाजवादियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी वह खुद नारा लगाते थे कि-रोटी-कपड़ा सस्ती हो, दवा-पढ़ाई मुफ्त हो। आज सपा सरकार ने सूबे में दवाई-पढ़ाई और सिंचाई मुफ्त कर दी है। फिर किसानों की बात हुई और सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई गई।

मुलायम ने मुसलमानों को लुभाने में कसर बाकी नहीं छोड़ी। कहा कि देश का इतिहास पढ़कर देखिए। शहादत देने वाले अब्दुल हमीद हों या मिसाइल बनाने वाले एपीजे अब्दुल कलाम। सहारनपुर का लकड़ी उद्योग हो या भदोही का कालीन उद्योग या फिर लखनऊ का चिकन, यह सब मुस्लिमों के हाथ की कारीगरी का कमाल है।

मुलायम ने सच्चर कमेटी का जिक्र छेड़ा और कहा कि मुसलमानों के हालात अनुसूचित जाति-जनजाति से भी खराब हैं। नौजवानों से वादा किया कि अभी बेरोजगारी भत्ता दे रहे हैं, केंद्र सरकार में अहम हिस्सेदारी देने पर रोजगार भी देंगे। मुलायम ने मोदी पर तोहमत लगायी और कहा कि वह गुजरात में उनकी जमीन छीन रहे हैं। सिख कुर्बानी देना जानते हैं। सपा सिखों के साथ है। अंत में सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए सपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए वोट मांगे गए।

कैबिनेट मंत्री आजम खां ने नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुल्क की बागडोर कातिलों के हाथ में मत सौंपो।

दंगे पर राजनीति करने वाले देश के दुश्मन : अखिलेश

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा दुर्भाग्यपूर्ण है। दंगे-फसाद का सहारा लेकर जो लोग राजनीति करना चाहते हैं, वह देश के दुश्मन हैं। इस बार केंद्र में तीसरे मोर्चे की प्रबल संभावना है। इसमें सपा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। यूपी के बिना देश खुशहाल नहीं होगा। सपा सूबे को खुशहाली की ओर ले जा रही है। मुख्यमंत्री ने मौलाना अरशद मदनी की मांग पर मुजफ्फरनगर से सहारनपुर मेडिकल कालेज तक फोरलेन बनाए जाने की भी घोषणा की। उम्मीद थी कि सीएम देवबंद को जिला बनाने की घोषणा करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

पढ़ें: अपनों को अपना साबित करने की चुनौती से जूझेगी सपा

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।