यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केजरीवाल का आरोप भाजपा ने लिया यू-टर्न
राष्ट्रपति शासन से गुजर रही दिल्ली की जो स्थिति है, उसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। दिल्ली में गत छह महीने से परोक्ष रूप से भाजपा ही शासन कर रही है। जनता को महंगाई से कोई राहत नहीं मिल रही और बिजली की दरों में बढ़ोतरी जारी है।

दिल्ली (जागरण संवाददाता)। राष्ट्रपति शासन से गुजर रही दिल्ली की जो स्थिति है, उसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। दिल्ली में गत छह महीने से परोक्ष रूप से भाजपा ही शासन कर रही है। जनता को महंगाई से कोई राहत नहीं मिल रही और बिजली की दरों में बढ़ोतरी जारी है। इसके अलावा हरियाणा से मिलने वाले पानी को लेकर भी कोई फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में क्या आप अपना वोट भाजपा को देना चाहेंगे?
सोमवार शाम को संगम विहार के रतिया मार्ग स्थित डीडीए पार्क में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुछ इस तरह अपनी बात लोगों तक पहुंचाई।
सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने नारे ‘बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार’ के सहारे लोगों का भरोसा जीता लेकिन सरकार बनने के छह माह बाद जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि गत छह महीने के कार्यकाल से साफ है कि भाजपा ने जनता से किए वायदों पर यू-टर्न ले लिया है।
बोले, सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार हावी
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल व डीजल की जो कीमतें हैं, उसके अनुसार देश में इनकी कीमतें आज भी कई गुना अधिक हैं। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजों के दाम कम नहीं हो रहे, पुलिस, नगर निगम समेत अन्य सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
केजरीवाल ने कहा कि ऐसे में जनता को विचार करना चाहिए कि वह किसे अपना वोट दे। इस मौके पर केजरीवाल ने आगामी चुनाव में पार्टी के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील भी की। आप संयोजक ने कहा कि संगम विहार के साथ-साथ देवली, अंबेडकर नगर, बदरपुर, खानपुर व तुगलकाबाद में रहने वाले लाखों लोगों को बिजली- पानी के लिए साल भर परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर इन समस्याओं को दूर किया जाएगा।

