यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी में भाजपा, सपा व कांग्रेस के अलावा किसी से गठबंधन कर सकते हैं ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए गठबंधन करने को तैयार है। वादे पूरे नहीं करने के कारण सूबे में सपा जनता की नाराजगी का सामना कर रही है।

हैदराबाद( प्रे)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में भले ही छह महीने से अधिक का समय हो, लेकिन ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) गठबंधन के लिए साथी पार्टी की तलाश में जुट गई है। सोमवार को पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने यह जानकारी दी।
उनसे पूछा गया था कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिए क्या उनकी पार्टी के छोटे दलों के साथ हाथ मिलाने की संभावना है। जवाब में ओवैसी ने कहा कि हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए गठबंधन करने को तैयार है।
वादे पूरे नहीं करने के कारण सूबे में समाजवादी पार्टी जनता की नाराजगी का सामना कर रही है।ओवैसी ने बताया कि हमारी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली कुछ संगठनों, नेताओं एवं पार्टियों के साथ संपर्क में हैं। इस पर अभी कुछ टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। निश्चित तौर पर हम गठबंधन को लेकर खुले हैं, किंतु यह सपा, कांग्रेस या भाजपा जैसे दलों के साथ नहीं हो सकता।
पढ़ेंः पाठक के जाने से बसपा के सोशल इंजिनियरिंग पर पड़ेगा असर
हैदराबाद से लोकसभा सदस्य ने कहा कि मैं ऐसे मामलों (गठबंधन) में शामिल नहीं हूं। हमारे प्रदेश अध्यक्ष वहां हैं, हमें कुछ समय प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। हाल ही में उत्तर प्रदेश में दो जनसभाएं करने वाले ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी को जनता से बेहद अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, यह बहुत खुशी की बात है। इससे उनकी पार्टी को काफी भरोसा मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ निश्चित तौर पर काफी नाराजगी है, क्योंकि उसने चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। सपा सरकार की खिंचाई हो रही है। वह कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने में विफल रही है। अब सपा के भीतर ही आंतरिक मतभेद चल रहे हैं।

