यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मायावती पर भाजपा का बड़ा हमला, कहा- सिर्फ ढोंग है मायावती का दलित प्रेम
मायावती के दलित-प्रेम को ढोंग बताते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहने के दौरान 1074 दलितों की हत्या हुई और दलित उत्पीड़न के 30 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए।

नई दिल्ली,जागरण ब्यूरो। आजमगढ़ में चुनावी रैली में केंद्र सरकार पर हमले पर भाजपा ने मायावती को आड़े हाथों लिया है। मायावती के भाषण को जमीनी हकीकत से दूर बताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने उनके दलित प्रेम को ढोंग बताय है। उनके अनुसार भाजपा दलितों के विकास और उत्थान के लिए काम कर रही है, जबकि मायावती सिर्फ दलितों की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बसपा और सपा से 15 सालों के कुशासन का हिसाब चुकता करेंगी।
मायावती के भाषण को जमीनी हकीकत दूर बताते हुए श्रीकांत शर्मा ने मोदी सरकार के दौरान प्रदेश के विकास के लिए उठाए गए कदमों को गिनाया। जिनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश से गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन की स्कीम उज्ज्वला की शुरूआत करने, बरसों से बंद पड़े गोरखपुर खाद कारखाने को फिर से चालू करने की दिशा में कदम उठाने, गोरखपुर में भी एम्स का शिलान्यास करने और गन्ना किसानों के बकाया का समय पर भुगतान जैसे अहम कदम शामिल हैं। उन्होंने मायावती को यह दिलाया कि चुनाव विधानसभा का होने वाला है, लोकसभा का नहीं और जनता उनके कार्यकाल के कुशासन को अभी तक भूली नहीं है।
मायावती के दलित-प्रेम को ढोंग बताते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहने के दौरान 1074 दलितों की हत्या हुई और दलित उत्पीड़न के 30 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए। बसपा के कार्यकाल में दलितों की दुर्दशा के कारण बड़ी संख्या में दलित भाजपा से जुड़ रहे हैं और इससे बौखलाहट में मायावती अनर्गल आरोप लगा रही हैं।

