विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरियाणा: भाजपा के पहले सीएम होंगे मनोहर लाल, 26 को लेंगे शपथ

By Kamal VermaEdited By:
Updated: Tue, 21 Oct 2014 08:22 PM (IST)

भाजपा ने एक बार फिर से आम आदमी के बीच से खास आदमी को चुनने की कवायद को निभाया है। हरियाणा की भाजपा में मनोहर लाल खंट्टर (60) ऐसे ही आम कार्यकर्ता थे ज ...और पढ़ें

News Article Hero Image

चंडीगढ़ [जागरण न्यूज नेटवर्क]। भाजपा ने एक बार फिर से आम आदमी के बीच से खास आदमी को चुनने की कवायद को निभाया है। हरियाणा की भाजपा में मनोहर लाल खंट्टर (60) ऐसे ही आम कार्यकर्ता थे जिन्हें पार्टी विधायक दल ने मंगलवार को अपना नेता चुनकर मुख्यमंत्री पद के लिए हरी झंडी दे दी। खंट्टर ने फैसले का सम्मान करते हुए अपराह्न में राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। दीपावली बाद 26 अक्टूबर को वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंद माने जाने वाले सीधे-सरल अविवाहित खंट्टर को संगठन की राजनीति का लंबा अनुभव है लेकिन चुनावी राजनीति की नैया पर सवार होकर वह पहली बार विधायक बने हैं। दिलचस्प तथ्य यह है कि राज्य के वह चौथे मुख्यमंत्री होंगे जिनके नाम के साथ 'लाल' जुड़ा है। उनसे पहले बंसी लाल, देवी लाल और भजन लाल मुख्यमंत्री बने।

90 सदस्यीय राज्य विधानसभा में जहां 75 विधायक करोड़पति हैं वहां शेष 15 विधायकों में मनोहर लाल खंट्टर भी शामिल हैं जिनके पास एक करोड़ की भी संपत्ति नहीं है। उनके नाम का प्रस्ताव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक रामबिलास शर्मा ने रखा जबकि कैप्टन अभिमन्यु सिंह, अनिल विज, ओपी धनकड़ और कविता जैन ने समर्थन किया। बैठक के बाद पार्टी पर्यवेक्षक व केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और दिनेश शर्मा ने उनके विधायक दल का निर्विरोध नेता चुने जाने की घोषणा की।

राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के सरकार बनाने के आमंत्रण पर खंट्टर ने 26 अक्टूबर को शपथ लेने की बात कही। शपथ ग्रहण समारोह पूर्व की भांति चंडीगढ़ में न होकर ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में प्रात:काल होगा, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है जिनके साथ खंट्टर ने चार साल तक हरियाणा में संगठन का काम किया।

राज्य में भाजपा की यह पहली सरकार होगी और खंट्टर राज्य के 18 वें मुख्यमंत्री होंगे। वह 48 साल पुराने हरियाणा राज्य के पांचवें गैर जाट और पहले पंजाबी मुख्यमंत्री होंगे।

गत 19 अक्टूबर को घोषित चुनाव परिणाम में भाजपा ने 47 सीटों पर कब्जा किया। इसके बाद पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु सिंह, अनिल विज और ओपी धनकड़ के नाम की भी चर्चा चली लेकिन अंतत: 40 साल तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व भाजपा में कार्य करने वाले खंट्टर को मौका देने का फैसला किया गया। भाजपा सरकार को एक बसपा विधायक के साथ ही तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन हासिल होगा।

पढ़ें: अहीरवाल की ताकत से दक्षिणी हरियाणा में भी खिला कमल

जाट-गैरजाट के बीच झूलती भाजपा