विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी सरकार के मंत्रियों को शाह ने दिया टास्क

By Edited By:
Published: Sat, 09 Aug 2014 07:57 AM (IST)Updated: Sat, 09 Aug 2014 09:03 PM (IST)

भाजपा केनए अध्यक्ष अमित शाह ने मोदी सरकार के मंत्रियों को भी टॉस्क दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। भाजपा केनए अध्यक्ष अमित शाह ने मोदी सरकार के मंत्रियों को भी टॉस्क दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मंत्री चुनाव घोषणापत्र के अमल पर तत्काल प्रभाव से जुट जाएं। वहीं मोदी के सबसे करीब रहे गंगा अभियान को जन अभियान बनाने की सलाह दी।

मोदी खुद सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य की बात कहते रहे हैं। इस क्रम में शाह ने संगठन को सरकार और जनता के बीच सेतु करार दिया तो मंत्रियों को भी आगाह किया उन्हें उन वादों पर खरा उतरना होगा जो चुनाव में किए गए थे। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को अपने अपने विभागों से जुड़ी बातों पर गौर करना चाहिए। समयबद्ध योजनाएं बनाएं और क्रियान्वयन के हर मुकाम पर पार्टी संगठन को जानकारी दें।

गंगा सफाई अभियान पर शाह ने भी बल दिया। उन्होंने कहा कि गंगा देश की संस्कृति से जुड़ी है। इसके नाम पर पिछली सरकारों में भी पैसा बहाया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं को इसे जनआंदोलन बनाना होगा। लोगों को हिस्सेदार बनाकर स्वच्छ और अविरल गंगा का सपना पूरा करना होगा।

गौरतलब है कि दैनिक जागरण ने भी हाल में गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक अविरल निर्मल गंगा के लिए अभियान चलाया था जिसमें 25 लाख से ज्यादा लोगों ने इसके लिए संकल्प लिया था।

राजनाथ ने किया अमित शाह के नाम का अनुमोदन

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कैडर है और न ही विचारधारा। राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनाव में विजयी परचम लहराने के बाद भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की पहली बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, वैंकेया नायडु आदि के योगदान की भी सराहना की।

राजनाथ सिंह ने अमित शाह की तारीफ करते हुए उनके नाम का अनुमोदन भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए किया, जिस पर राष्ट्रीय परिषद ने अपनी मुहर लगा दी। राजनाथ ने कहा कि शाह को पार्टी की कमान सौंपना एक उचित फैसला है। शाह के नेतृत्व में पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जबरदस्त प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने देश को खोखला किया: जेटली

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस ने देश को खोखला कर दिया था और वह इसे खराब हालत में छोड़ गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से त्रस्त देश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया।

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई बैठक

भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई। इस बैठक में देशभर से पार्टी के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बैठक में हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं। बैठक को मोदी समेत पार्टी के कई नेता संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन उसका समापन होगा। इस बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी जाएगी। भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के मुताबिक इस बैठक में एक प्रस्ताव पास किया जायेगा जिसमें आर्थिक एवं राजनीतिक मुद्दों के साथ नई सरकार की उपलब्धियों और आगे का खाका होगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी 50 वर्षीय शाह को 9 जुलाई को पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया था। शाह को लोकसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश में भाजपा की जबर्दस्त जीत का श्रेय दिया जाता है जिसके कारण पार्टी बहुमत हासिल कर सकी। भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में अनुमोदन के बाद अमित शाह अपनी नई टीम बनाएंगे।

पढ़ें: भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में होगी मोदी-शाह की छाप

भाजपा सांसदों को शाह का गुरू मंत्र, जनता के संपर्क में रहें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।