विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देवयानी के पिता ने दी अनशन की चेतावनी

By Edited By:
Updated: Thu, 19 Dec 2013 08:33 PM (IST)

देवयानी खोबरागडे के पिता उत्तम खोबरागडे ने कहा है कि अगर उनकी बेटी पर लगे गलत आरोपों को वापस नहीं लिया गया तो वह अनशन पर बैठ जाएंगे। वह कांग्रेस अध्यक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई। देवयानी खोबरागडे के पिता उत्तम खोबरागडे ने कहा है कि अगर उनकी बेटी पर लगे गलत आरोपों को वापस नहीं लिया गया तो वह अनशन पर बैठ जाएंगे। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने अमेरिकी अटार्नी प्रीत भरारा के बयान को भारतीय न्यायपालिका पर हमला बताया।

सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी उत्तम खोबरागडे ने गुरुवार को यहां कहा कि देवयानी ने कोई फर्जी काम नहीं किया था। न ही अपनी गायब नौकरानी संगीता रिचर्ड के वेतन के बारे कोई झूठी जानकारी दी थी। उनके मुताबिक देवयानी की गिरफ्तारी एक साजिश के तहत हुई थी। अनशन पर जाने की धमकी देते हुए कहा कि अगर सौ करोड़ की आबादी वाला देश मेरी बेटी को सुरक्षा नहीं दिला सकता या उसका सम्मान नहीं लौटा सकता और फर्जी आपराधिक मामले को वापस नहीं करा पाता तो इस दुनिया में रहने का कोई कारण मेरे पास नहीं बचता। उन्होंने (न्यूयॉर्क पुलिस) एफआइआर में गलत लिखा कि हमने नौकरानी का वेतन 4500 डॉलर बताया था। यह तो देवयानी का वेतन था। यह सिर्फ देवयानी की गिरफ्तारी के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि अगर कहीं कोई फर्जीवाड़ा हुआ है तो वह संगीता की तरफ से हुआ। संगीता ने वीजा के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर उसने हस्ताक्षर किए। दो बार अमेरिकी अधिकारियों ने उसका साक्षात्कार किया। इस प्रक्रिया का लाभ संगीता को मिला। इसलिए अगर कोई धोखाधड़ी हुई तो वह संगीता ने की।

देवयानी से माफी मांगे अमेरिका: डॉ तोगड़िया

उन्होंने भरारा के बयान को भारतीय न्यायिक प्रणाली के खिलाफ करार दिया। उनके मुताबिक, 'भरारा के बयान का मतलब है कि भारतीय अदालतें संगीता को न्याय देने की बजाय उसे चुप कराने की कोशिश कर रही थीं। क्या यह अदालत के अवमानना का मामला नहीं बनता। मैं सुप्रीम कोर्ट से अपील करता हूं कि वह इस पर संज्ञान ले। भरारा का बयान उनकी मन:स्थिति को स्पष्ट करता है। इससे साबित होता है कि देवयानी के खिलाफ साजिश हुई। भरारा यह भी कहना चाहते हैं कि भारत की सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा नहीं कर रही, इसलिए हम न्यूयॉर्क में बैठकर उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं।' उन्होंने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री शासन करते हैं या प्रीत भरारा।

गिरफ्तारी में पूर्व नियोजित साजिश की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि क्या यह इत्तेफाक है कि संगीता का परिवार देवयानी की गिरफ्तारी से दो दिन पहले ही अमेरिका पहुंचा था। क्या यह इत्तेफाक है कि संगीता के ससुर अमेरिकी दूतावास की ओर से मुहैया कराए गए क्वार्टर में रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक फर्जी शिकायत को वापस नहीं लिया जाता, न्याय नहीं मिलेगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर