विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दादरी कांड: सत्यपाल सिंह करेंगे भाजपा जांच दल की अगुवाई, नोएडा में धारा 144 लागू

By Edited By:
Published: Mon, 09 Jun 2014 03:42 PM (IST)Updated: Tue, 10 Jun 2014 07:21 AM (IST)

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर तथा बागपत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर तथा बागपत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का एक दल दादरी में भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या के मामले की जांच करेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने दादरी (गौतमबुद्धनगर) में भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या में बड़ी साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि सपा के जिम्मेदार लोग ही अपराधियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं। जंगलराज के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने को भाजपा तैयार है।

दादरी कांड की जांच के लिए मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त सत्यपाल सिंह (सांसद) के नेतृत्व में सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। यह जांच कमेटी आज घटना स्थल से वास्तविक स्थिति और तथ्यों की जानकारी लेकर प्रदेश कार्यालय को रिपोर्ट सौंपेगी। कमेटी में महेश शर्मा, भोला सिंह, सतीश गौतम, स्वतंत्रदेव सिंह, विमला सोलंकी एवं भूपेंद्र सिंह शामिल है। प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

नोएडा में धारा 144 लागू

लखनऊ। भाजपा नेता विजय पंडित की शनिवार को हत्या के बाद से ग्रेटर नोएडा व नोएडा में स्थिति बेकाबू है। प्रशासन को दोनों जगह पर धारा 144 लगानी पड़ी है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोगों ने दादरी तहसील पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश पुलिस की इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने के प्रयास में हैं। एडीजी डीएस चौहान के साथ ही आईजी मेरठ आलोक शर्मा यहां पर कैम्प किए हैं। नोएडा व ग्रेटर नोएडा की पुलिस टीम के साथ ही एसटीएफ को अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगाया गया है। पुलिस महानिदेशक एएल बनर्जी ने कहा है कि विजय पंडित की हत्या के कारणों के नजदीक हम पहुंच चुके हैं। हत्यारे भी पुलिस की पकड़ से बहुत दूर नहीं हैं। हमको हत्या की वजन भी पता चल चुकी है। पुलिस को एक-दो दिन में इस मामले का खुलासा करने में सफलता जरूर मिलेगी। एडीजी चौहान ने कहा हम इस मामले को जल्दी से खोलने में लगे हैं।

उधर, इस हत्याकांड में सपा नेता नरेंद्र भाटी का नाम आने के बाद भी पुलिस ने अभी तक उनसे पूछताछ नहीं की है। माहौल खराब होने के बाद भी भाटी ने कल पंचायत करने का प्रयास किया था, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की फटकार के बाद शांत बैठ गए।

सूत्रों का मानना है कि शार्प शूटर अवनीश उर्फ अन्नी भी विजय पंडित की हत्या में शामिल है। अन्नी दादरी में सुंदर भाटी व बलराज के लिए काम करता है। अन्नी ने बीते माह बुलंदशहर में दो लोगों को मौत के घाट उतारा था। अभी तक इस मामले में सात लोग हिरासत में हैं। उनसे पुलिस की पूछताछ जारी है। एसटीएफ समेत 13 टीम जांच में जुटीं है।

गौरतलब है कि भाजपा नेता और दादरी नगर पंचायत की अध्यक्ष गीता पंडित के पति विजय पंडित (37) की शनिवार रात दो मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वे हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। इस हत्याकांड पर आक्रोशित लोगों ने दादरी जीटी रोड पर जमकर बवाल किया। रोडवेज की बस, ट्रक व टैंकर समेत करीब 16 वाहनों में आग लगा दी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को दर्जनों राउंड फायर करने पड़े। भीड़ ने भी पुलिस और वाहनों पर पथराव किया। देर रात तक फायरिंग जारी रही। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विजय पंडित भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष भी रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी प्रत्याशी व सांसद महेश शर्मा के पक्ष में प्रचार की कमान संभाली थी। इस दौरान उन्हें चुनाव प्रचार से हटने की धमकी दी गई। न हटने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मामले की लिखित शिकायत उन्होंने दो अप्रैल को दादरी कोतवाली में दी थी।

पढ़ें: विजय पंडित की पत्नी ने सपा नेता पर लगाया आरोप

दादरी में भाजपा नेता की हत्या के बाद बवाल, पीएसी तैनात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।