यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेठी में गरिमा सिंह के समर्थकों का हंगामा, लाठीचार्ज व फायरिंग
अमेठी में राजघराने की लंबे समय से चली आ रही रार आज फिर सड़कों पर दिखी। डॉ. संजय सिंह के आज आने की खबर से बड़ी संख्या में गांव वाले महल के सामने डट गए। र ...और पढ़ें

लखनऊ। अमेठी में राजघराने की लंबे समय से चली आ रही रार आज फिर सड़कों पर दिखी। डॉ. संजय सिंह के आज आने की खबर से बड़ी संख्या में गांव वाले महल के सामने डट गए। रानी गरिमा सिंह समर्थक इन लोगों को हटाने में पुलिस को लाठीचार्ज के साथ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। जिसमें दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। आक्रोशित गांववाले राम कोट महल के आगे अभी भी डटे हुए हैं।
सांसद डा.संजय सिंह के आज भूपति भवन में आने को लेकर वहां पर सुरक्षा व्यवस्था काफी चुस्त कर दी गई है। इसको देखकर गांव वालों का पारा चढ़ गया। रानी गरिमा सिंह के घोर समर्थक माने जाने वाले गांव के लोगों के महल के गेट को घेर लिया। पुलिस ने जब इनको हटाने का प्रयास किया तो गांव वालों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जब इससे भी स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी तो फिर पुलिस ने हवाई फायरिंग शुरू की। पुलिस के लाठी चार्ज से दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए हैं जबकि पथराव से कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं।
इससे पहले डॉ. संजय सिंह के महल में आगमन की खबर पर कल एएसपी मुन्ना लाल ने अमेठी कोतवाली पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। एएसपी अमेठी कोतवाली पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। डा.संजय सिंह के आगमन की आहट के साथ ही विख्यात अमेठी राजघराने के विवाद का पटाक्षेप होने की आस बढ़ गई। बीते डेढ़ माह से राजमहल का विवाद चल रहा है। तभी से ही लोगों के मन में यह बात थी, कि सांसद डा. संजय सिंह के आने पर विवाद समाप्त हो जाएगा। एएसपी मुन्नालाल ने बताया कि 12 सितंबर को सांसद डा. संजय सिंह के आने का कार्यक्रम था। अब वह रविवार को आएंगे। उन्होंने इसकी सूचना दी है।

