यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोनिया-राहुल के बचाव में आए गोगोई
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद असम मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया व उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बचाव किया है। शनिवार को गोगोई ने कहा कि सोनिया के नेतृत्व में पार्टी बहुत मजबूत हुई।

गुवाहाटी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद असम मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया व उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बचाव किया है। शनिवार को गोगोई ने कहा कि सोनिया के नेतृत्व में पार्टी बहुत मजबूत हुई।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, 'सोनिया गांधी व राहुल ने जितना संभव था पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए काम किया। बिना उनके योगदान के पार्टी इतनी लंबी दूरी तय नहीं कर सकती थी।' प्रदेश में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने इस्तीफे की बात पर गोगोई ने कहा, एक सप्ताह के भीतर वे मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस तरह आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी ने कांग्रेस को बचाया था, उसी तरह सोनिया भी मुश्किल परिस्थिति से पार्टी को बाहर निकालेंगी। सोनियाजी का देश के प्रति समर्पण अभूतपूर्व है, उन्होंने देशहित में प्रधानमंत्री पद त्याग दिया, जो कोई नहीं कर सकता।

