विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अटल सहित पांच को मिल सकता है भारत रत्‍‌न

By Edited By:
Updated: Mon, 11 Aug 2014 10:36 AM (IST)

स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आते ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न दिए जाने की अटकलें फिर से तेज हो गई हैं। गृह मंत्रालय के सूत्रों के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आते ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न दिए जाने की अटकलें फिर से तेज हो गई हैं। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, भारत सरकार ने 5 भारत रत्नों का ऑर्डर रिजर्व बैंक की टकसाल को दिया है। माना जा रहा है कि सरकार इस बार एक से ज्यादा लोगों को भारत रत्न देने पर विचार कर रही है।

सूत्रों की मानें, तो 15 अगस्त के आसपास नरेंद्र मोदी सरकार वाजपेयी सहित पांच लोगों को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से नवाज सकती है। भाजपा के कई नेता काफी लंबे वक्त से अटल बिहारी वाजपेयी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की मांग करते रहे हैं। इसके अलावा मोदी सरकार नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भी इस सम्मान से नवाज सकती है। संघ परिवार के ज्यादातर नेता मदन मोहन मालवीय को ये सम्मान देने की वकालत भी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक गीता प्रेस के संस्थापक हनुमान प्रसाद पोद्दार और चित्रकार राजा रवि वर्मा को भी भारत रत्न दिया जा सकता है।

माना ये भी जा रहा है कि सरकार रिजर्व में रखने के लिए भी एक से ज्यादा मेडल बनवा रही है। फरवरी 2014 में वैज्ञानिक सीएनआर राव के साथ-साथ क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। तब रिजर्व में रखा गया भारत रत्न सचिन को दिया गया था। इसलिए भी माना जा रहा है कि सरकार रिजर्व में रखने के लिए एक से ज्यादा मेडल बनवा रही है।

इन्हें मिल सकता है सर्वोच्च सम्मान

1. अटल बिहारी वाजपेयी

2. सुभाष चंद्र बोस

3. मदन मोहन मालवीय

4. राजा रवि वर्मा

5. हनुमान प्रसाद पोद्दार