यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ऊंची जाति की लड़की से प्रेम में दलित किशोर की हत्या
इस मामले में लड़की के माता-पिता और भाइयों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ठाणे, प्रेट्र। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। ऊंची जाति की लड़की से प्रेम संबंध में 16 साल के दलित किशोर की हत्या कर दी गई। इस मामले में लड़की के माता-पिता और भाइयों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उस लड़की को भी हिरासत में लिया गया है जिससे वह प्यार करता था। इस मुद्दे को विपक्ष ने गुरुवार को विधानसभा में उठाया। इस पर स्पीकर हरिभाऊ ने राज्य सरकार से बयान देने को कहा है।
दलित किशोर की हत्या को लेकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआइ) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार की शाम नेरुल पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरू में मामला दर्ज करने से इन्कार करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर नेरुल थाने के दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ठाणे जिले के धरावे गांव का रहने वाला स्वप्निल सोनावने अपनी सहपाठी लड़की से प्यार करता था। हालांकि 17 वर्षीय लड़की के परिवार वाले इससे नाखुश थे। मंगलवार की रात लड़की के परिवार के सदस्यों समेत 20-25 लोगों के समूह ने लड़के को लोहे की राड से बुरी तरह मारा-पीटा। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

