विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कन्हैया पर नजर रखे जेएनयू प्रशासन: दिल्ली पुलिस

By anand rajEdited By:
Updated: Sat, 05 Mar 2016 09:31 PM (IST)

कन्हैया के जेएनयू से पासआउट होने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां उस पर लंबे समय तक नजर रखेंगी।

News Article Hero Image

नई दिल्ली। देशद्रोह के आरोपी जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की हर गतिविधि पर दिल्ली पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। कन्हैया के जेएनयू से पासआउट होने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां उस पर लंबे समय तक नजर रखेंगी। स्पेशल सेल की टीम ने शुक्रवार शाम जेएनयू पहुंचकर वहां घंटों जांच की।

दक्षिणी जिले के डीसीपी प्रेमनाथ ने जेएनयू प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि कन्हैया जब जेएनयू से बाहर जाए तो उससे पहले पुलिस को निश्चित रूप से जानकारी दें। जेएनयू से बाहर जाने पर पुलिस भी उनके साथ रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कन्हैया को निजी सुरक्षा गार्ड मुहैया कराए गए हैं।

सूत्रों की मानें तो कन्हैया पर इसलिए हमेशा नजर रखने की जरूरत है, क्योंकि उस पर देशद्रोह का आरोप है। संसद हमले के दोषी अफजल गुरू को वह अपना आदर्श मानता है। भले ही बचाव में शुक्रवार को सफाई दी कि उसका आइकन अफजल नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस को यह सफाई गले नहीं उतर रही है। शक है कि कन्हैया भविष्य में कभी भी देशविरोधी हरकत कर सकता है। वह जेएनयू व अन्य दूसरे विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को उकसा कर उन्हें देशद्रोही बना सकता है।

ये भी पढ़ेंः जेएनयू विवादः चीफ प्रॉक्टर कृष्ण कुमार ने दिया इस्तीफा

जेएनयू में कन्हैया क्या कर रहा है, कौन-कौन से लोग मिलने आ रहे हैं। कितनी देर रुक रहे हैं, क्या-क्या बातें कर रहे हैं, इन सब पर सादे कपड़ों में आसपास मुस्तैद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां नजर रख रही हैं। इलेक्ट्रानिक सर्विलांस सिस्टम के जरिये भी कन्हैया व उसके समस्त पारिवारिक सदस्य, रिश्तेदार, दोस्त, छात्र-छात्राएं, प्रोफेसर व अन्य लोगों पर नजर रखी जा रही है।

कन्हैया कब क्या बोल रहा है, इसकी भी गोपनीय तरीके से रिकार्डिंग हो रही है। पुलिस को शक है कि बड़ी संख्या में वामपंथी विचारधारा वाले नेता, छात्र व अन्य लोग कन्हैया से जुड़कर उन्हें भड़काने की कोशिश कर सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि कन्हैया का कश्मीर के अलगाववादियों व नक्सलियों से गहरा संबंध है।

ये भी पढ़ेंः कई सवाल छोड़ गई कन्हैया को क्लीन चिट देने वाली डीएम जांच रिपोर्ट

तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद कन्हैया ने गुरुवार रात जेएनयू में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। शुक्रवार को प्रेसवार्ता की, लेकिन जब मीडिया ने सवाल जड़ने शुरू किए तो उठकर चला गया। पुलिस का कहना है कि कन्हैया केवल अपनी बातें बोल रहा है।