विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी की लहर नहीं, कह फंस गए जोशी

By Edited By:
Updated: Tue, 15 Apr 2014 12:38 AM (IST)

देश में मोदी की नहीं भाजपा की लहर है..का बयान देकर फंस गए मुरली मनोहर जोशी को अपने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भी साथ नहीं मिल रहा। कानपुर से भ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। देश में मोदी की नहीं भाजपा की लहर है..का बयान देकर फंस गए मुरली मनोहर जोशी को अपने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भी साथ नहीं मिल रहा। कानपुर से भाजपा के प्रत्याशी डॉ. जोशी ने सोमवार को अपने पुराने बयान पर सफाई में कहा, उनके और नरेंद्र मोदी के बीच कोई मतभेद नहीं हैं। इसलिए उनकी कही बात का गलत मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। बावजूद इसके जब वह अंबेडकर जयंती पर आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने पूरे समय मोदी के समर्थन में नारेबाजी करके उन्हें परेशानी में डाले रखा।

डॉ. जोशी के बयान पर कांग्रेस और अन्य विरोधी दल भी चुटकी लेने में पीछे नहीं रह रहे। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं ने कहा है, जोशी की मोदी लहर न होने की बात बिल्कुल सही है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मोदी और भाजपा में कोई अंतर न होने की बात कही है।

डॉ. जोशी ने कहा, मोदी उनकी पार्टी के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं। लोग संप्रग सरकार के कुशासन से बुरी तरह निराश हैं और मोदी नैसर्गिक नेता के रूप में उनकी भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा देश है और यहां पर कोई एक विकास मॉडल सभी प्रदेशों में लागू नहीं हो सकता। यह बात उन्होंने पहले भी कई मौकों पर कही है। जो नीतियां समुद्र के किनारे के इलाकों के लिए बनती हैं, निश्चित रूप में रेगिस्तानी इलाकों के लिए वह व्यावहारिक नहीं होंगी।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने मोदी व भाजपा के बीच कोई अंतर न होने की बात कहकर जोशी की कही बात को हल्का करने की पुरजोर कोशिश की लेकिन कांग्रेस व अन्य दलों के नेता दिन भर उस पर चुटकी लेते रहे। सभी विपक्षी नेताओं ने जोशी की इस बात से सहमति जताई कि देश में मोदी की लहर नहीं है। उल्लेखनीय है कि प्रियंका वाड्रा समेत कई कांग्रेस नेता हाल के दिनों में देश में मोदी लहर न होने की बात कहते रहे हैं।

'मोदी लहर पर ही भाजपा सवार है। नरेंद्र मोदी पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेता है और इसीलिए भाजपा उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है।'- राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष