विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महंगाई के बहाने मोदी सरकार पर केजरीवाल ने साधा निशाना

By Edited By:
Updated: Wed, 25 Jun 2014 09:04 PM (IST)

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो] लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त खा चुके आम आदमी पार्टी [आप] के नेता अरविंद केजरीवाल ने अब महंगाई के बहाने दोबारा प्रधानमंत्री न ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो] लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त खा चुके आम आदमी पार्टी [आप] के नेता अरविंद केजरीवाल ने अब महंगाई के बहाने दोबारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हमला बोलने की कोशिश शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उन्होंने गैस सहित विभिन्न चीजों की कीमत बढ़ने का विरोध किया है।

केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि मोदी ने महंगाई और भ्रष्टाचार दूर करने के नाम पर ही चुनाव लड़ा था। लेकिन सरकार बनने के बाद से भ्रष्टाचार को रोकने का एक भी कदम नहीं उठाया गया। उल्टा रेल, तेल, चीनी, गैस जैसी सभी जरूरी चीजों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमने दिल्ली में सरकार बनते ही भ्रष्टाचार में भारी कमी लाकर दिखाया था। मोदी सरकार को कीमत बढ़ाने की सोचने से पहले छह महीने-साल भर भ्रष्टाचार दूर करने के उपाय करने चाहिए थे। हो सकता है कि इन प्रयासों के बाद कीमत बढ़ाने की जरूरत ही नहीं होती। अभी तो बढ़ा हुआ राजस्व भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा।' केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने रेलवे में किराए तो बढ़ा दिए, लेकिन इसके भ्रष्टाचार को रोकने का कोई कदम नहीं उठाया।

हालांकि बुधवार की शाम मोदी कैबिनेट ने प्राकृतिक गैस की कीमत बढ़ाने के फैसले को तीन महीने के लिए टाल दिया है। लेकिन इससे पहले ही केजरीवाल ने इस मामले पर मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा, 'हमने पहले ही कहा था कि सरकार बनते ही ये गैस का दाम बढ़ाएंगे। अब यह आशंका सही होने जा रही है।' मोदी को लिखे अपने पत्र में आप संयोजक ने कहा है कि रिलायंस को मौजूदा दरों पर ही 325 फीसद से ज्यादा का मुनाफा हो रहा है। इसलिए इससे ज्यादा कीमत नहीं बढ़ाई जाए। अपने नए आवास पर उठे विवाद पर केजरीवाल ने कहा कि यदि कोर्ट उन्हें उस मकान में जाने से रोक देती है तो वह नहीं जाएंगे।