यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शपथ लेने से पहले ही लगने लगा जनता दरबार
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने से पहले ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से सीधे संवाद के लिए गाजियाबाद के ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने से पहले ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से सीधे संवाद के लिए गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पार्टी मुख्यालय में जनता दरबार लगाना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह नौ बजे उन्होंने मुख्यालय के बाहर बैठ आम लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि वह 15 दिनों के भीतर लोकायुक्त कानून पास करके दिखाएंगे। इस संबंध में केंद्र सरकार की इजाजत लेने के नियम को गलत करार देते हुए उन्होंने कहा कि हम हर बाधा को पार कर दिखाएंगे।
जनता दरबार के दौरान केजरीवाल ने एक शख्स की बिजली से संबंधित शिकायत को सुना और कहा कि वह अपना कटा कनेक्शन खुद जोड़ लें। फरियादियों से उन्होंने कहा- 'अभी तो आपकी सरकार बनी नहीं है। कुछ मूल चीजें हैं, जो सामने आई हैं। मोटे तौर पर पानी, ठेकेदारी प्रथा, सीवर, रेहड़ी-पटरी व अनधिकृत कॉलोनियों की समस्याएं हैं। मैं सरकार से बंगला नहीं ले रहा हूं। आप ही मेरी सिक्योरिटी हैं। मैं अगर सिक्योरिटी ले लेता तो आप लोगों से मिल नहीं पाता। जिस-जिस को मेरी सिक्योरिटी की चिंता है, सुबह भगवान से प्रार्थना कर लिया करें।' आप संयोजक ने कहा कि चुनाव पूर्व बिजली-पानी के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा चलाए गए आंदोलन के दौरान जितने लोगों के खिलाफ मुकदमे लगाए गए हैं, वे सब वापस लिए जाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

