यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कल शपथ लेंगे केजरीवाल, मंत्रियों के नाम घोषित !
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने के एक साल बाद आप के नेता अरविंद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। केजरीवाल की टीम में कौन-कौन होंगे और उन्हें कौन-कौन सी जिम्मेदारियां दी जाएंगी इसका खांका खिंच गया है।

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने के एक साल बाद आप के नेता अरविंद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। केजरीवाल की टीम में कौन-कौन होंगे और उन्हें कौन-कौन सी जिम्मेदारियां दी जाएंगी इसका खांका खिंच गया है।
सूत्रों के अनुसार अरविंद केजरीवाल सीएम पद के साथ-साथ वित्त, गृह और ऊर्जा मंत्रालय अपने पास रख सकते हैं। जबकि सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले मनीष सिसौदिया: डेप्युटी सीएम पद के साथ सिसौदिया को शिक्षा, शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी मंत्रालय मिल सकता है। जितेंद्र तोमर को कानून मंत्रालय मिलने की चर्चा है जबकि सत्येंद्र जैन: स्वास्थ्य और उद्योग मंत्रालय मिलने की अटकलें हैं। संदीप कुमार को महिला और बाल विकास के साथ-साथ एससी/एसटी मंत्रालय मिल सकता है। चर्चा है कि गोपाल राय को परिवहन और श्रम मंत्रालय तथा असीम अहमद को खाद्य आपूर्ति मंत्रालय का प्रभार मिल सकता है।
केजरीवाल के करीबी साथी मनीष सिसौदिया उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनको अलग से तीन अहम मंत्रालय भी दिए जाने की चर्चा है। आप के एक अन्य नेता सत्येंद्र जैन भी दूसरी बार शपथ ले सकते हैं। पहली बार विधायक बनने वाले अन्य सभी- जितेंद्र तोमर, गोपाल राय, संदीप कुमार, असीम अहमद खान केजरीवाल के मंत्रिमंडल के सदस्य हो सकते हैं। आप के सूत्रों ने बताया कि शाहदरा के विधायक रामनिवास गोयल विधानसभा के स्पीकर हो सकते हैं, जबकि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की बंदना कुमारी उप स्पीकर होंगी।

