विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुफ्ती मोहम्मद सईद ने ली जम्मू-कश्मीर के सीएम पद की शपथ

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Sun, 01 Mar 2015 10:48 AM (IST)Updated: Sun, 01 Mar 2015 03:54 PM (IST)

पीडीपी व भाजपा के बीच दो महीने की मैराथन बैठकों के बाद मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा गठबंधन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जम्मू, राज्य ब्यूरो। पीडीपी व भाजपा के बीच दो महीने की मैराथन बैठकों के बाद मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार का गठन हो गया। जम्मू कश्मीर के इतिहास में पहली बार भाजपा किसी सरकार का हिस्सा बनी है। जम्मू विवि के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम में रविवार सुबह आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मुफ्ती मोहम्मद सईद ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

मुफ्ती के साथ पीडीपी व भाजपा के 24 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। समारोह के साक्षी सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही नही बने बल्कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवानी, मुरली मनोहर जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राम माधव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राज्यपाल एनएन वोहरा ने 11:10 बजे मुफ्ती मोहम्मद सईद को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।

मुफ्ती समेत कुल 25 मंत्रियों ने शपथ ली। इसमें पीडीपी के 13 भाजपा के 9, पीपुल्स कांफ्रेंस के एक व एक निर्दलीय विधायक मंत्री बने।

पीपुल्स कांफ्रेंस व निर्दलीय विधायक का भाजपा को समर्थन हासिल है इसलिए यह कहा जा सकता है कि भाजपा के खाते में 11 मंत्री बने व पीडीपी के खाते से 13 मंत्री बने। 79 वर्षीय मुफ्ती दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। वर्ष 2002 में पीडीपी कांग्रेस गठबंधन सरकार में मुफ्ती तीन वर्ष के लिए मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा के डा. निर्मल सिंह को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। दो महिलाओं को मंत्री पद दिया गया है। मुफ्ती समेत 17 कैबिनेट के मंत्री बनाए गए है जबकि आठ राज्यमंत्री बनाए गए है।

मंच के एक तरफ कुर्सियों पर नए मंत्री बिठाए गए और दूसरी तरफ भाजपा व पीडीपी के वरिष्ठ नेता बैठे थे। वही मंच के मध्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल एनएन वोहरा, मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह विराजमान थे।

शपथ ग्रहण समारोह 11.10 बजे शुरु हुआ और 12 बजे समाप्त हुआ। मुफ्ती समेत अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ मिलाया और कई मंत्रियों को तो प्रधानमंत्री ने गले लगाया। प्रधानमंत्री ने मुफ्ती को मुख्यमंत्री बनने व मंत्री पद संभालने वाले नेताओं को मुबारक बाद दी।

शपथ ग्रहण समारोह में पीडीपी की प्रधान महबूबा मुफ्ती, राम माधव, अविनाश राय खन्ना, सांसद मुजफ्फर हुसैन बेग, तारिक हमीद करा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रो. सैफुउद्दीन सोज समेत पुलिस, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा गणमान्य लोग, पीडीपी व भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री : मुफ्ती मोहम्मद सईद
उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह
पीडीपी के कोटे से बने मंत्री
अब्दुल रहमान वीरी
जावेद मुस्तफा मीर
अब्दुल हक खान
सैयद बशारत बुखारी
चौधरी जुल्फिकार अली
हसीब द्राबु
गुलाम नबी लोन हजूरा
मोहम्मद अल्ताफ बुखारी
इमरान रजा अंसारी
नईम अख्तर
अब्दुल माजिद पाडर
मोहम्मद अशरफ मीर
आसिया नागाश
---------------------
भाजपा कोटे से मंत्री
चंद्र प्रकाश गंगा
चौधरी लाल सिंह
बाली भगत
चौधरी सुखनंदन
शेरिंग दोरजे
सुनील शर्मा
अब्दुल गनी कोहली
प्रिया सेठी
पीपुल्स कांफ्रेंस
सज्जाद गनी लोन
------------------------
निर्दलीय पवन गुप्ता

पढ़ेंः भाजपा को कितना रास आएगा जम्मू कश्मीर में पीडीपी का साथ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।