विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ओवैसी के खिलाफ मामला दर्ज, भाजपा ने की गिरफ्तारी की मांग

By Sanjeev TiwariEdited By:
Updated: Mon, 04 Jul 2016 10:07 AM (IST)

भाजपा ने ओवैसी पर देश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

News Article Hero Image

नई दिल्ली, प्रेट्र। पांच गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों को कानूनी मदद उपलब्ध कराने के फैसले को लेकर मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमिन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ एक पुलिस शिकायत दर्ज हुई है। इसके साथ ही देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने की मांग करते हुए मेरठ की एक अदालत में याचिका दायर की गई है।

तेलंगाना के भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने हैदराबाद से लोकसभा सदस्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और टीआरएस सरकार से उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने को कहा। जेडीयू प्रवक्ता अजय आलोक ने भी ओवैसी को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। वहीं ओवैसी ने कहा कि कानूनी मदद की पेशकश की बात को ‘बढ़ा चढ़ाकर पेश किया जा रहा है’ और अदालत इस पर गौर कर सकती है।

भाजपा ने आइएस मॉड्यूल के पांच सदस्यों को कानूनी मदद दिलाने के एआइएमआइएम अध्यक्ष असादुद्दीन ओवैसी के फैसले की निंदा की है। उसने इसके लिए ओवैसी पर देश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि ओवैसी आतंकियों को ऑक्सीजन दे रहे हैं। वह आतंकियों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं और प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आइएस की मदद कर रहे हैं। जबकि आइएस ने एक वीडियो में भारत को निशाना बनाने की धमकी दी है। ओवैसी का ऐसा करना देश के साथ विश्वासघात है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जांच एजेंसियों को कानूनी दायरे में ओवैसी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। आतंकवाद को धर्म के नजरिये से नहीं देखना चाहिए।

पढ़ेंः ओवैसी संदिग्ध आतंकियों को कानूनी मदद दिलाने पर अडिग

भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि किसी भी मामले में कूदने से पहले आदमी को उसका भला-बुरा देख लेना चाहिए। इस मामले में साक्ष्य हैं कि गिरफ्तार किए गए युवक रमजान के दौरान आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। उन्होंने ओवैसी से पूछा, क्या वह आतंकियों की मदद करने के इच्छुक हैं। तेलंगाना में भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने ओवैसी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

उन्होंने केंद्र से एआइएमआइएम की मान्यता रद करने की भी मांग की। गौरतलब है कि ओवैसी ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी आइएस से जुड़े होने के आरोप में एनआइए द्वारा गिरफ्तार पांच युवकों को कानूनी मदद मुहैया कराएगी। साथ ही कहा कि उनकी पार्टी आतंकवाद का समर्थन नहीं करती।

पढ़ेंः दिग्विजय का आरोप, भाजपा और ओवैसी चरमपंथियों को कर रहे मदद