विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भारत में असीम मौके कर रहे इंतजार: मोदी

By Sudhir JhaEdited By:
Updated: Fri, 09 Jan 2015 06:22 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रवासी भारतीयों से इसके विकास में और सक्रिय भागीदारी की अपील की। कहा, भारत में उनके लिए असीम मौके इंतजार कर रहे हैं क्योंकि यह नई मजबूती के साथ उभरा है।

News Article Hero Image

अहमदाबाद, [शत्रुघ्न शर्मा]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रवासी भारतीयों से इसके विकास में और सक्रिय भागीदारी की अपील की। कहा, भारत में उनके लिए असीम मौके इंतजार कर रहे हैं क्योंकि यह नई मजबूती के साथ उभरा है।

महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की 100 वीं साल गिरह पर यहां सवा लाख वर्गमीटर पर उनके जीवन पर दांडी कुटीर नाम से प्रदर्शनी भी लगाई गई है। 13 वें प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा, आज से 100 साल पहले गरीब व ग्रामीण भारतीय की भावना को समझते हुए बापू अफ्रीका से भारत लौटे और अपना जीवन देश की आजादी और समाज सेवा में खपा दिया। आज पूरी दुनिया भारत को बहुत उम्मीद से देख रही है अब जरूरत विश्वास और क्षमता दिखाने की है। 200 से अधिक देशों में रह रहे 2.50 करोड़ से अधिक प्रवासी देश की बड़ी पूंजी हैं। वे देश को बदलने में मदद करें। मोदी ने कहा, भारत ने दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का विचार दिया। संस्कार भारतीयों के डीएनए में है। भारतीय कहीं भी बसता है तो पड़ोसी खुश हो जाते हैं कि बचे जीवन को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, बापू ने आधुनिक भारत की रचना की और भारतीयों को शोषण से मुक्ति दिलाई।

नमामि गंगे परियोजना में भागीदारी की अपील

मोदी ने प्रवासी भारतीयों से देश को स्वच्छ बनाने और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक मां गंगा की सफाई के लिए नमामि गंगे परियोजना में ज्ञान, धन, समय और तकनीक के जरिये भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने इस अवसर पर सौ व दस के सिक्के का लोकार्पण किया और कहा कि सिक्के अपने आप में इतिहास होते हैं। जो लोग इन्हें जमा करने का शौक रखते हैं उन्हें पता होता है कि ये अपने आप में एक इतिहास होते हैं।

पीआइओ कार्ड वाले प्रवासी भारतीयों को आजीवन वीजा

मोदी ने पीआइओ कार्डधारक प्रवासियों को आजीवन वीजा व भारत आगमन वीजा देने की घोषणा करते हुए कहा, उन्हें खुद प्रवासियों के दु:ख दर्द पता है। वीजा नहीं मिलने का अहसास भी जानते हैं। प्रवासियों को वतन आने पर थाने में हाजिरी लगानी पड़े यह उसके सम्मान और स्वाभिमान के खिलाफ है। सरकार ने अब उसे खत्म कर दिया है। उन्होंने मेडिसन स्क्वायर से सिडनी तक जो वादे किए उन्हें पूरा कर दिया है।

पढ़ेंः देश को बदलने में भागिदार बनें प्रवासी भारतीय

पढ़ेंः लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए देश तैयारः मोदी