यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पीएम मोदी ने किया जनता का धन्यवाद, कहा- भ्रष्टाचार मिटा कर दम लूंगा
टोक्यो से मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि सरकार भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने और विकास का फल हर नागरिक तक पहुंचाने के काम में लगातार जुटी हुई है।'

नई दिल्ली, प्रेट्र। पांच सौ और हजार रुपये के बड़े नोट बंद करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काले धन के खिलाफ और सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। गुरुवार को उन्होंने कहा, 'मैं भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाकर दम लूंगा। इसके लिए प्रतिबद्ध हूं। सरकार भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने की कोशिश में लगातार जुटी हुई है।' नोट बंदी के सरकार के फैसले को मिले भारी जनसमर्थन के लिए पीएम ने लोगों का आभार जताया।
टोक्यो से मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि सरकार भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने और विकास का फल हर नागरिक तक पहुंचाने के काम में लगातार जुटी हुई है।' लोगों को धन्यवाद देते हुए पीएम ने कहा, 'यह जानकर बहुत खुशी हो रही है कि लोग बैंकों को आभार जताते हुए पुराने नोट बेहद धैर्य के साथ बदल रहे हैं।' मोदी ने कहा, 'यह भी देखने को मिल रहा है कि लोग नोट बदलने में बुजुर्गो की स्वेच्छा से मदद कर रहे हैं। बड़े फायदे के लिए थोड़ी दिक्कत उठा रहे लोगों का उत्साह, धैर्य और गर्मजोशी सराहनीय है।
कालेधन पर बड़ी कार्यवाही: नोटबैन के बाद दिल्ली और मुंबई में हुई छापेमारी
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार की रात राष्ट्र के नाम संदेश के दौरान पांच सौ और हजार रुपये के नोट बंद करने का एलान कर दिया। इससे शुरू में तो लोगों में थोड़ी अफरातफरी रही, लेकिन बाद में सरकार द्वारा उठाए कदमों से लोग आश्वस्त दिखे।

