यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महाराष्ट्र के बड़े दलित नेता रामदास अठावले की मोदी सरकार में एंट्री, राज्यमंत्री बने
रिपब्लिकन पार्टी (अठावले) पार्टी के अध्यक्ष रामदास अठावले मोदी सरकार में राज्यमंत्री बने हैं। अठावले महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं।

नई दिल्ली, (जेएनएन)। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े दलित नेताओं में गिने जाने वाले रामदास अठावले को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया है। रामदास रिपब्लिकन पार्टी (अठावले) के अध्यक्ष हैं।

मोदी सरकार में मंत्री बने भाजपा के वरिष्ठ नेता एसएस अहलुवालिया
बड़े दलित नेता हैं अठावले
25 दिसंबर 1959 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में जन्मे अठावले 15वीं लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। वो महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े कद वाले नेता हैं। रामदास अठावले रिपब्लिकन पार्टी (अठावले) के अध्यक्ष हैं। वो महाराष्ट्र की पंधारपुर विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं। इसके अलावा 12वीं लोकसभा में मुंबई की उत्तर और केंद्र सीट से सांसद रह चुके हैं।
साल 2009 में लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद उन्होंने साल 2011 में एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन से अपना नाता तोड़ लिया था। इसके बाद उन्होंने इसी साल शिवसेना-भाजपा से गठबंधन किया था। अठावले की पार्टी ने मुंबई नगरपालिका का चुनाव भाजपा-शिवसेना गठबंधन के साथ मिलकर लड़ा। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्हें शिरडी लोकसभा सीट पर करारी हार मिली थी। साल 2014 में उन्हें राज्यसभा भेजा गया।
