विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

टिकट बंटवारे पर भाजपा में मचा घमासान, नारेबाजी

By manoj yadavEdited By:
Updated: Wed, 21 Jan 2015 10:01 AM (IST)

किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने तथा दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित कई नेताओं को टिकट नहीं दिए जाने से भाजपा में घमासान मच गया है। सतीश उपाध्याय के समर्थकों ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार

News Article Hero Image

नई दिल्ली। किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने तथा दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित कई नेताओं को टिकट नहीं दिए जाने से भाजपा में घमासान मच गया है। सतीश उपाध्याय के समर्थकों ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग की। टिकट कटने से नाराज कई अन्य नेताओं के समर्थकों ने भी केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस बीच भाजपा नेता धीर सिंह बिधूड़ी ने असंतुष्ट होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के सिलसिले में भाजपा 62 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को अभी तक टिकट न मिलने से उनके समर्थकों में नाराजगी है। समर्थकों ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर बेदी के खिलाफ भी नारेबाजी की। उन्होंने पैराशूट सीएम उम्मीदवार नहीं चलेगा का नारा लगाते हुए उपाध्याय से महरौली विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरने की मांग की। काफी देर तक समर्थक नारेबाजी चलती रही।

उपाध्याय ने उन्हें मनाने की कोशिश की और कहा कि टिकट मिलने से वह निराश नहीं हैं और उन्हें दिल्ली की सभी 70 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने का दायित्व सौंपा गया है। प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष शिखा राय के समर्थकों ने भी प्रदर्शन किया। शिखा कस्तूरबा नगर से पिछली बार चुनाव हार गई थीं और इस बार भी वह टिकट मांग रही थीं, लेकिन उनकी जगह पार्टी ने रविंद्र चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है।

पटपड़गंज से लगातार दो बार चुनाव हारने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नकुल भारद्वाज को भी पार्टी ने इस बार टिकट नहीं दिया, इससे नाराज उनके समर्थकों ने भी प्रदर्शन किया। इसी तरह से रोहिणी से टिकट कटने से नाराज पूर्व विधायक जयप्रकाश अग्रवाल के समर्थक भी सड़क पर उतरे। रोहिणी से पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को टिकट दिया है। वहीं, ओखला से टिकट नहीं मिलने से नाराज धीर सिंह बिधूड़ी ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा ने बहुजन समाज पार्टी से आए ब्रह्म सिंह बिधूड़ी को ओखला से चुनाव मैदान में उतारा है।

'इस तरह का प्रदर्शन क्षणिक मामला है। मैं खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहता था और अपने निर्णय के बारे में भाजपा संसदीय बोर्ड को भी बता दिया था। किरण बेदी के नेतृत्व में चुनाव जीतकर हम बहुमत के साथ दिल्ली में सरकार बनाएंगे।'

-सतीश उपाध्याय, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

पढ़ेंः भाजपा में शामिल होंगे यूपी के पूर्व डीजीपी बृज लाल

दिल्ली में इस बार मुकाबला Iron Lady और I-Run Man के बीच