विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सामान्य नहीं सुनंदा की मौत, शव पर मिले चोट के निशान

By Edited By:
Published: Sat, 18 Jan 2014 06:02 AM (IST)Updated: Sun, 19 Jan 2014 08:13 AM (IST)

जीते जी चर्चा का विषय बनी रहीं सुनंदा पुष्कर मरने के बाद भी अपने पीछे चर्चाओं का लंबा सिलसिला छोड़ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जेएनएन]। जीते जी चर्चा का विषय बनी रहीं सुनंदा पुष्कर मरने के बाद भी अपने पीछे चर्चाओं का लंबा सिलसिला छोड़ गईं। उनके शव पर मिले चोटों के निशान, आमाशय व आंत में कुछ खास न मिलने और असामान्य मौत की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इन चर्चाओं को और सनसनीखेज बना दिया। पुलिस ने मौैत की वजहों पर सुनंदा के पति केंद्रीय मंत्री शशि थरूर से कई घंटे पूछताछ भी की। इसके बाद तबीयत की खराबी के चलते थरूर एम्स में भर्ती हुए लेकिन कुछ घंटे बाद ही अर्धागिनी रहीं सुनंदा को अंतिम विदाई देने के लिए पार्थिव शरीर के पास आ गए। जुदाई के इन पलों में कई बार उनकी आंखें गीली हुईं।

शुक्रवार रात राजधानी के एक पंचतारा होटल के कमरे में हुई मौत के बाद सुनंदा का शव देर रात एम्स लाया गया जहां शनिवार को मध्याह्न में तीन डॉक्टरों की एक टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसका पोस्टमार्टम किया। कैमरे के सामने करीब दो घंटे चले पोस्टमार्टम के बाद मीडिया से मुखातिब हुए डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि सुनंदा की मौत अचानक और असामान्य थी। उनके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। ये निशान गले और कलाई पर थे। उन्होंने कई दिन से कुछ खाया नहीं था। सुनंदा की मौत शुक्रवार अपराह्न तीन-चार बजे हुई थी। पोस्टमार्टम करने वाली टीम में शामिल डॉ. आदर्श कुमार ने मौत की वजह जहर या नशीले पदार्थ की अधिकता होने से भी इन्कार नहीं किया है। सुनंदा स्टमक ट्यूबरक्यूलोसिस नाम की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। कुछ परीक्षणों के बाद दो-तीन दिन में पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आ जाएगी। शुक्रवार रात नौ बजे सुनंदा की मौत का सबसे पहले उनके पति शशि थरूर को पता चला, इसके बाद उन्होंने अपने निजी सचिव अभिनव कुमार को बुलाया। निजी सचिव ने ही पुलिस को फोन करके मंत्री की पत्नी की मौत की सूचना दी। शनिवार सुबह सुनंदा की दूसरी शादी से हुआ बेटा शिव मेनन (21) दुबई से नई दिल्ली आ गया। शाम को पिता, पति, बेटे और भाई की मौजूदगी में लोदी रोड स्थित श्मशान घाट पर सुनंदा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

अब थरूर के बोलने की बारी

सुनंदा की मौत को इतनी चर्चा इसलिए भी मिली क्योंकि हाल के दिनों में वह थरूर के पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के साथ नजदीकी संबंधों को लेकर सशंकित थीं। इसी शंका के चलते सुनंदा ने थरूर के ट्विटर अकाउंट में जाकर मेहर के लिए कई संदेश भेजे थे। बाद में अखबारों को इंटरव्यू देकर मेहर के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ का एजेंट होने की बात कही थी, जो उनके पति को अपने जाल में फंसा रही थी। जवाब में मेहर ने सुनंदा पर तीखा हमला किया था। गुरुवार रात जब फेसबुक पर सुनंदा और थरूर का मतभेद खत्म होने तथा खुश होने का संयुक्त बयान आया, तो समझा गया मामला फिलहाल निपट गया है। लेकिन महज 24 घंटे बाद ही सुनंदा की मौत की खबर ने चर्चाओं की आग में घी डालने का काम किया। अभी थरूर ने सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। संबंधों के त्रिकोण पर बोलने की अब उनकी बारी है। माना जा रहा है कि उनके बोलने से ही सुनंदा की मौत और आपसी रिश्तों पर छायी धुंध के हटने के कुछ आसार बनेंगे।

सुनंदा का अंतिम ट्वीट, कौन जाने कब जाना पड़े, हंसते हुए जाएंगे

शशि थरूर की पत्नी सुनंदा की होटल में रहस्यमय मौत

मंत्रिमंडल से फिर हो सकती है थरूर की छुट्टी

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।