यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जाट आंदोलन में एक मिनट भी नहीं रुकने देंगे सड़कें और रेल ट्रैकः एडीजीपी
हरियाणा गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने कहा है कि आरक्षण आंदोलन के मद्देनजर सभी कपंनियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया गया है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में आरक्षण की मांग को लेकर जाट आंदोलन एक बार फिर भड़क सकता है। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक के आंदोलन में अड़ने के कारण पूरे हरियाणा में सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। हरियाणआगृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने कहा है कि राज्य सरकार के पास केंद्र की 55 पैरामिलट्री कपंनियां पहुंच चुकी है, जिनमें सीआरपीएफ, आरएएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ शामिल है। आरक्षण आंदोलन के मद्देनजर सभी कपंनियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ेंः हरियाणा में आज से फिर भड़क सकता है जाट आंदोलन, सरकार ने की मोर्चेबंदी
गृह सचिव के अनुसार राज्य में धरना प्रदर्शन के लिए पहले से स्थान निर्धारित किए जा चुके हैं। इनके अलावा यदि किसी दूसरे स्थान पर धरना प्रदर्शन किया गया तो कार्रवाई की जाएगी और सख्ती से निपटा जाएगा। ऐसे किसी भी स्थान पर किसी नेता या व्यक्ति के कारण यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इस अप्रिय घटना के लिए वह व्यक्ति या नेता व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा।
रामनिवास ने कहा कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के समर्थन में सरकार को पंचायतों व खाप पंचायतों से समर्थन मिला है और युवाओं को जागरूक किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग व रेलवे के आसपास के एक-एक किलोमीटर में धारा 144 लागू रहेगी। झज्जर, सोनीपत, रोहतक, पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल में धारा 144 लगाई गई है।
ये भी पढ़ेंः जाट अांदोलन : अर्द्ध सैनिक बलों की 48 कंपनियां तैनात, आठ जिले सुरक्षा घेरे में
एक मिनट भी नहीं रुकने देंगे सड़कें और रेल ट्रैक : एडीजीपी
प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर राज्य सरकार सतर्क है। उन्होंने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग या कोई भी सडक तथा रेलवे लाइन को एक मिनट के लिए भी रुकने नहीं दिया जाएगा। एडीजीपी ने कहा कि अगर आंदोलनकारी बिना इजाजत के कोई धरना प्रदर्शन करते हैं तो मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा उन्हें समझाया जाएगा और यदि वे फिर भी नहीं मानें तो उस स्थिति में उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।
यशपाल मलिक निचली अदालत में निपटाएं मामला : राजकुमार सैनी
कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद राजकुमार सैनी का कहना है कि आंदोलन के मद्देनजर हाल-फिलहाल उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं है। यशपाल मलिक पर से देशद्रोह का मुकदमा वापस लेने की संभावनाओं पर सैनी ने कहा कि इस मामले को यदि मलिक निचली अदालत में निपटाएं तो ठीक रहेगा वरना प्रदेश में अराजकता फैल सकती है।
ये भी पढ़ेंः जाटों का एक गुट 5 से आंदोलन न करने पर राजी, मलिक गुट अड़ा
शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा जाट आंदोलन : यशपाल मलिक
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने दावा किया है कि इस बार का धरना-प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्वक रहेगा और अनिश्चितकाल तक चलेगा। मलिक ने कहा कि हमें अपनी मांगें पूरी होने से मतलब है। हम शांति के पक्षधर हैं। हमारा आंदोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक सरकार हमारी सभी मांग नहीं मान लेती।
शांति और सद्भावना सबसे पहले : मुख्यमंत्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि सरकार समस्या के समाधान की इच्छुक है और आंदोलन के लिए अदालत में दमदार पैरवी का भरोसा दिला चुकी है। इसके बावजूद आंदोलन का कोई औचित्य नहीं है। प्रदेश की शांति और सद्भावना सबसे पहले होना चाहिए। कानून हाथ में लेने की किसी को इजाजत नहीं मिलेगी।

