विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुलायम के बचाव में अबु आजमी ने भी रेप पर दिया बेतुका बयान

By Edited By:
Published: Fri, 11 Apr 2014 01:03 PM (IST)

दुष्कर्म मामले में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बयान का बचाव करते हुए महाराष्ट्र के पार्टी प्रमुख अबु आजमी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई। दुष्कर्म मामले में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बयान का बचाव करते हुए महाराष्ट्र के पार्टी प्रमुख अबु आजमी ने भी महिलाओं पर बेतुका बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दुष्कर्म पीड़िता को भी दंडित किया जाना चाहिए। वहीं अबु आजमी के पुत्र और मुंबई उत्तर मध्य संसदीय क्षेत्र से सपा प्रत्याशी फरहान आजमी ने अपने पिता अबु और सपा प्रमुख मुलायम सिंह के विचारों से इतर दुष्कर्मियों को फांसी देने की वकालत की।

मुलायम सिंह यादव के विवादित बयान पर सवाल पूछने पर अबु आजमी ने कहा कि इस्लाम में दुष्कर्मियों के लिए मौत की सजा है, उन्हें फांसी दी जाती है। लेकिन यहां, यह केवल पुरुषों के लिए है, भले उसमें महिला भी दोषी हो।

उन्होंने आगे कहा, भारत में, यदि आम सहमति से संबंध बनाते हो तो ठीक है। परंतु इसमें एक व्यक्ति शिकायत करता है, तो यह एक समस्या है। आजकल कुछ मामले ऐसे देखने में आते है, लड़कियां शिकायत करती, जब उन्हें कोई छूता है और तब भी जब उन्हें कोई नहीं छूता। यह एक समस्या बन गई है और इससे पुरुषों का सम्मान आहत होता है। दुष्कर्म भले ही सहमति से हो या असहमति से, इसके दोषी को इस्लाम के अनुरूप सजा दी जानी चाहिए।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को मुरादाबाद में एक चुनावी सभा में सपामुखिया मुलायम सिंह ने मुंबई के शक्ति मिल दुष्कर्म कांड के तीन दोषियों को फांसी की सजा पर सवाल उठाते हुए दुष्कर्म को लड़कों की गलती की संज्ञा दी थी। उन्होंने कहा था कि लड़के-लड़की दोस्त होते हैं। मतभेद होने पर लड़की मुकदमा दर्ज करा देती है और फांसी की सजा हो जाती है। यह गलत है। हम सरकार में आए तो ऐसे कानून की समीक्षा करेंगे। झूठी रिपोर्ट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे।

अबु आजमी का दुष्कर्म मामले पर दिया यह पहला विवादित बयान नहीं है। इससे पहले भी अबु आजमी ने कहा था कि गांव में दुष्कर्म नहीं होते। आजमी ने शहरों में रेप की बढ़ती घटनाओं के लिए पाश्चात्य जीवन शैली को जिम्मेदार ठहराया था। अबु आजमी ने महिलाओं को कई नसीहतें भी दीं थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को गैर मर्दो के साथ बाहर नहीं निकलना चाहिए। आखिर गैर मर्दो के साथ महिलाओं को घूमने की क्या जरूरत पड़ जाती है? महिलाओं को गैर मर्दो के साथ घूमने पर रोक लगाने की जरूरत है। कम कपड़े पहनने से दुष्कर्म की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। महिलाओं को कुछ ज्यादा ही आजादी दे दी गई है। ऐसी आजादी शहरों में ज्यादा है। इसी वजह से दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। भारतीय संस्कृति अविवाहित महिलाओं को गैर मर्दो के साथ घूमने की अनुमति नहीं देती है। जहां वेस्टर्न कल्चर का प्रभाव कम है वहां दुष्कर्म के मामले भी कम हैं। आजमी के मुताबिक राजस्थान और गुजरात से दुष्कर्म के मामले कम आते हैं। आजमी ने महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा के लिए हिंदी सिनेमा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि हिंदी फिल्मों ने न्यूडिटी को बढ़ावा दिया है।

पढ़े: मुलायम के विवादित बयान पर चुनाव आयोग गंभीर, मंगाई सीडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।